दिगम्बर जैन आचार्य विद्यासागरजी महाराज पर जारी विशेष आवरण व मुहर का हुआ विमोचन
केकड़ी (आदित्य न्यूज नेटवर्क) महाकवि संत शिरोमणि दिगम्बर आचार्य 108 विद्यासागर महाराज के आचार्य पद आरोहण के स्वर्णिम 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में सोमवार को डाकघर परिसर में भारतीय डाक विभाग, राजस्थान परिमण्डल द्वारा जारी डाक लिफाफे के विशेष आवरण व मुहर का विमोचन किया गया। संस्कृति शासनाचार्य स्वर्ण महोत्सव वर्ष 2021-22 के तहत आयोजित कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू मुख्य अतिथि रहे। दिगम्बर जैन समाज के संरक्षक कैलाशचन्द सोनी, समाजसेवी सुभाषचन्द कटारिया, शिक्षाविद प्रो. ज्ञानचन्द सुराणा समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि आचार्यश्री का सम्पूर्ण जीवन पूरे विश्व को सत्य व अहिंसा की प्रेरणा देता है। इस दौरान दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष मनोज पाण्ड्या, स्थानकवासी समाज के अध्यक्ष अरविन्द नाहटा, भाजपा नेता राजेन्द्र विनायका, कांगे्रस नेता निर्मल चौधरी आदि मंचासीन रहे।

समाज के संजय कटारिया ने बताया कि विशेष आवरण पर आचार्यश्री की फोटो समेत केकड़ी के प्राचीन शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर व यहां विराजित अतिशयकारी शांतिनाथ भगवान की प्रतिमा की फोटो मुद्रित की गई है।

आचार्य विद्यासागर के परम प्रभावी शिष्य, चांदखेड़ी अतिशय क्षेत्र में वर्षायोग प्रवास के लिए विराजित तीर्थोद्धारक संत मुनिपुगंव सुधासागर महाराज व संघस्थ क्षुल्लक धैर्यसागर महाराज के निर्देशन में आचार्य विद्यासागर के संस्कृति शासनाचार्य स्वर्ण महोत्सव वर्ष व आचार्य पद दिवस को अविस्मरणीय बनाने के लिए यह आवरण प्रकाशित किया गया है। जिसे न केवल श्रद्धालुओं द्वारा संग्रहित किया जा सकेगा, बल्कि सरकारी एवं निजी संग्रहालयों में भी दिगम्बर जैन संस्कृति के इतिहास को कई वर्षों तक सुरक्षित रखा जा सकेगा। इस मौके पर सुरेश गंगवाल, कैलाशचन्द सोनी मेवदा, नरेश जैन, आनन्द सोनी, भंवरलाल बज, हेमन्त जैन समेत अनेक जने मौजूद रहे। संचालन महावीर टोंग्या ने किया। आभार उपडाकपाल जमनालाल वर्मा ने जताया।
प्रस्तुतियों ने मोहा मन

संस्कृति शासनाचार्य स्वर्ण महोत्सव के तहत सोमवार को सापण्दा रोड स्थित सुधासागर दिगम्बर जैन विद्या विहार विद्यालय में आचार्य पदारोहण दिवस कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने भजन, गीत-संगीत, नृत्य व विचार अभिव्यक्ति से जुड़ी आकर्षक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। प्राचार्य एस.एन. खण्डेलवाल समेत अन्य वक्ताओं ने आचार्य विद्यासागर की जीवनी पर प्रकाश डाला। शुरुआत में निदेशक अजय जैन ने आचार्यश्री के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित किया। कार्यक्रम प्रभारी शिप्रा जैन ने आभार जताया। संचालन शाला समन्वयक श्रीनारायण शर्मा ने किया।