केकड़ी। भारतीय किसान संघ की बैठक कृषि उपज मण्डी में तहसील अध्यक्ष नाथूलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में किसानों को उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने की मांग के लिए 11 जनवरी 2022 को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करने एवं राष्ट्रपति के नाम लिखा ज्ञापन सौंपने के बारे में चर्चा की गई। प्रान्तीय सहकारिता प्रमुख राजेन्द्र प्रसाद शर्मा ने केकड़ी तहसील की सभी पंचायतों में विस्तारक नियुक्त करने का सुझाव दिया। संभागीय अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद मिश्र ने 10 जनवरी तक अभियान चलाकर प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम समिति गठित करने का सुझाव दिया। वरिष्ठ संरक्षक अशोक शर्मा ने बताया कि जब तक गांव गांव में किसान समितियां गठित होकर संगठन का भाव पैदा नहीं होगा। तब तक किसान का यूं ही शोषण होता रहेगा। तहसील अध्यक्ष नाथूलाल शर्मा ने बताया कि वर्तमान में सरकार द्वारा समर्थन मूल्य तय करने के लिए जो मापदंड तय किए गए हैं उसके अंतर्गत फसल में लगने वाला बीज, खाद, रासायनिक दवाइयां, डीजल, मजदूरी व कृषक परिवार के लगे मजदूरों को अकुशल श्रेणी में जोड़कर एक फार्मूले के तहत निर्धारित किया जाता है। भारतीय किसान संघ की मांग है कि कृषक की भूमि, किराया, कृषि उपकरणों पर होने वाली घिसावट आदि का आंकलन कर इन्हें फसल खर्च में जोड़ा जाए तथा उपरोक्त खर्च में 50 प्रतिशत लाभांश राशि जोड़कर समर्थन मूल्य तय किया जाए।
विस्तारक नियुक्त किए बैठक में ग्राम पंचायत वार विस्तारक नियुक्त किए गए। जिसमें भंवरलाल प्रजापत व शंकरलाल डागा को ग्राम पंचायत कणोज, नाथू लाल शर्मा, अशोक शर्मा व किशन लाल कुमावत को बघेरा, रामेश्वर प्रसाद मिश्र, राम किशन कुमावत व किशन लाल जाट को मानखंड, सलारी, मेवदाकला व मोलकिया, महावीर प्रसाद जाट को कालेड़ा कृष्ण गोपाल, हनुमान प्रसाद शर्मा व रतन सिंह गौड़ को लसाडिया व नायकी, बजरंग लाल साहू को पारा एवं मीणा का नयागांव, रामकिशन धाकड़ को देवगांव, प्रेमचंद बडोला को कोहड़ा का प्रभारी बनाया गया। शेष ग्राम पंचायतों के लिए नाथूलाल शर्मा व अशोक शर्मा को जिम्मेदारी दी गई। तहसील मंत्री घनश्याम सिंह बड़वा को समस्त 18 ग्राम पंचायतों के नियुक्त किए गए विस्तारकों के पर्यवेक्षण हेतु मुख्य विस्तारक नियुक्त किया गया। बैठक में बन्नाराम लौहार, गोविंद माली, हनुमान प्रसाद शर्मा, भंवर प्रजापत, रतन सिंह गौड़, रामकरण मारू, शंकरलाल डागा, किशन लाल जाट, किशन लाल कुमावत समेत अन्य किसानों ने भाग लिया।