
केकड़ी (आदित्य न्यूज नेटवर्क) केकड़ी शहर थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी के साथ दुराचार का प्रयास करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने गत 1 अप्रेल 2022 को केकड़ी शहर थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह सार्वजनिक नल पर पानी भर रही थी, तभी तसवारिया निवासी दशरथ जाट ने छेड़छाड़ की तथा जबरन नीचे गिराकर कपड़े फाड़ दिए तथा दुराचार का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने जमकर अश्लील भाषा का प्रयोग किया तथा निजी अंगों के साथ छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर परिवार की महिलाएं मौके पर पहुंच गई। महिलाओं को अपनी तरफ आता देख आरोपी मौके से भाग छूटा। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर भादसं एवं पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की तथा अनुसंधान के बाद आरोपी दशरथ जाट को गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी सुधीर कुमार उपाध्याय ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।