केकड़ी, 13 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): कस्बे में शुक्रवार को संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अम्बेडकर की जयंती विविध आयोजनों के साथ मनाई जाएगी। सुबह ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से नगर पालिका में बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की जयंती मनाई जाएगी। नगर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन पूर्व मंत्री एवं केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। इस मौके पर पीसीसी सदस्य सागर शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्रसिंह शक्तावत, राजस्थान फार्मेसी काउंसिल के सदस्य राजेन्द्र भट्ट समेत अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहेेंगे।
पुष्पांजलि के बाद निकालेंगे विशाल रैली अम्बेडकर वेलफेयर सोसायटी की ओर से शुक्रवार को सुबह नगर पालिका परिसर में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कार्यक्रम होगा। इसके बाद नगर पालिका से रैली निकाली जाएगी। जो तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घण्टाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, सूरजपोल गेट, भैरू गेट, बस स्टैण्ड होते हुए वापस नगर पालिका पहुंच कर सम्पन्न होगी। गुरुवार को कार्यकर्ताओं ने रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
सामाजिक एकता वाहन रैली का होगा आयोजन इसी प्रकार अंबेडकर जयंती पर शुक्रवार को विशाल सामाजिक एकता वाहन रैली निकाली जाएगी। रैली का आयोजन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्य और भाजपा नेता डॉ. मिथिलेश गौतम की ओर से किया जा रहा है। यह रैली सुबह महेश वाटिका से प्रारम्भ होकर जूनियां गेट, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, सरसड़ी गेट, पाल टॉकीज, सरदार पेट्रोल पंप, तीन बत्ती चौराहा, जयपुर रोड, सापन्दा रोड होते हुए पुनः महेश वाटिका पहुंचकर सम्पन्न होगी।
सेवानिवृत्त शिक्षकों का करेंगे सम्मान राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की ओर से शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अम्बेडकर जयंती एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। अध्यक्षता राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बजरंग प्रसाद मजेजी करेंगे। चित्तौड़ प्रान्त के गोकथा आयाम प्रमुख देवाराम मुख्य वक्ता होंगे। संगठन के प्रदेश महामंत्री महेन्द्र लखारा मुख्य अतिथि एवं प्रदेश उपाध्यक्ष भंवर सिंह राठौड़ विशिष्ट अतिथि होंगे।