केकड़ी, 12 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय जिला चिकित्सालय में गुरुवार को नर्सिंग जन्मदात्री फ्लोरेंस नाइटिंगेल का जन्मदिन विविध आयोजनों के साथ मनाया गया। ब्लड बैंक केम्पस में आयोजित कार्यक्रम में पीएमओ डॉ. गणपतराज पुरी ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन किया तथा पुष्प अर्पित किए। शुरुआत में नर्सेज ने पीएमओ डॉ. गणपतराज पुरी, डॉ. मुनेश जैन, डॉ. अभिषेक पारीक का तिलक लगाकर स्वागत किया। नर्सिंग अधीक्षक रामलाल धाकड़ ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नर्स का मतलब केवल सेवा ही है। फ्लोरेंस नाइटिंगेल ने क्रिमिया युद्ध के दौरान रात को लालटेन की रोशनी में घायल सैनिकों की मदद की। इससे उनको परिवारजनों के क्रोध का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद वह अपने कर्तव्य पथ पर संकल्प के साथ डटी रही। उन्होंने जो सेवा की वो निस्वार्थ भाव से की थी। ठीक उसी प्रकार हमें भी निस्वार्थ भाव से सेवा करनी चाहिए।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. गणपतराज पुरी ने कोरोना काल में नर्सेज द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल एक परिवार होता है और परिवार तभी आगे बढ़ता है, जब परिवार के सभी सदस्य परस्पर सहयोग की भावना रखते हैं, और टीम भावना से कार्य करते है। फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जन्मदिवस पर नर्सिंग अधीक्षक रामलाल धाकड़ ने रक्तदान भी किया। इस मौके पर कैलाश गोठवाल, रमेश शर्मा, प्रहलाद नागर, महावीर साहू, अरविंद छीपा, मिश्रीलाल माली, रामघनी मीना, कोमल परिहार, महावीर झांकल, लेब टेक्निशियन आनन्द पारीक, काउंसलर विनोद साहू आदि मौजूद रहे।