केकड़ी, 11 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों को लेकर आज नगर पालिका सभागार में विधानसभा स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं को इस अभियान से जुड़ने एवं इसे सफल बनाने का आह्वान किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री रायचंद बागड़ी ने कहा कि पार्टी इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एक भव्य उत्सव के रूप में मनाना चाहती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से देश प्रेम की भावना के साथ इस अभियान में पूरे जोश से भाग लेने का आग्रह किया। बागड़ी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर ‘सरल ऐप’ पर अपलोड करना होगा।

गौतम करेंगे नेतृत्व: केकड़ी पंचायत समिति के प्रधान होनहार सिंह राठौड़ ने कहा कि विधायक शत्रुघ्न गौतम के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केकड़ी शहर में एक विशाल व भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा पूरे शहर में घूमेगी और आम जनता में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़ें एवं अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करें। बैठक का संचालन अर्जुन सिंह शक्तावत ने किया। इस मौके पर विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।