केकड़ी, 13 दिसम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में प्रतिबंधित चायनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक का गला कट गया। चायनीज मांझे से बचाव के दौरान उंगलियां भी कट गई। वहीं नाक पर भी कट लग गया। युवक को घायल अवस्था में केकड़ी के राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर युवक के 12 टांके आए हैं। दो दिन अस्पताल में उपचार के बाद युवक छुट्टी दे दी गई है। घटना गुरुवार की है। प्राप्त जानकारी अनुसार कटला मस्जिद क्षेत्र निवासी इरफान उर्फ लाला शेख पुत्र आरिफ शेख अपने साथी के साथ बाइक पर सावर रोड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सावर रोड पर अचानक से युवक के गले में चायनीज मांजा उलझ गया।

फूटे खून के फव्वारे युवक ने हाथों से चायनीज मांझे को हटाने का प्रयास किया तो हाथ की दो अगुंलिया कट गई। चायनीज मांझे से युवक का नाक भी कट गया। युवक के चेहरे से खून बहने लगा। बाइक सवार के पीछे बैठा साथी कुछ समझ नहीं पाया। युवक ने बाइक को रोका। इसके बाद पीछे बैठे साथी ने रुमाल व कपड़ों से खून को रोकने की कोशिश की। इसके बाद आसपास मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक को लहुलुहान हालत में उसके साथी ने राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर युवक के नाक, गले व अंगुलियों में करीब 12 टांके आए हैं। युवक को दो दिन अस्पताल में भर्ती रखने के बाद शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी दी गई है।
खुलेआम बिक रहा है चायनीज मांझा गौरतलब है कि प्रतिबंध के बावजूद शहर की दुकानों पर चायनीज मांझे की धड़ल्ले से बिक्री हो रही है। जिसका खामियाजा लोगों और बेजुबान पक्षियों को भुगतना पड़ रहा है। प्रशासन की और से कोई कार्रवाई नहीं करने के चलते चायनीज मांझा शहर में खुलेआम बेचा जा रहा है। इस संबंध में नगर परिषद केकड़ी के आयुक्त विक्रम जोरवाल का कहना रहा कि चायनीज मांझे पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। प्रतिबंध के बावजूद अगर किसी दुकानदार द्वारा चायनीज मांझा बेचा जा रहा है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
क्या होता है चायनीज मांझा चायनीज मांझा अत्यधिक तेज और जानलेवा होता है। इसे कांच से रंगा जाता है। जो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर सकता है। युवा इसे पतंग उड़ाने के लिए काम में लेते हैं। प्रतिबंध के बावजूद केकड़ी शहर में चायनीज मांझा खुलेआम बेचा जा रहा है। जिससे इस तरह के हादसे हो रहे हैं।