Homeराजनीतिविधायक शत्रुघ्न गौतम ने किया 82 लाख रुपए के विकास कार्यों का...

विधायक शत्रुघ्न गौतम ने किया 82 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण, बोले–विकास के लिए धन की कमी नहीं, जनता का हक सूद समेत लौटाऊंगा

केकड़ी, 07 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): ग्राम पंचायत रामपाली में शनिवार को लाखों रुपए की लागत से हुए विकास कार्यों के लोकार्पण को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक शत्रुघ्न गौतम मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रशासक सीमा देवी गुर्जर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांवरलाल गुर्जर, बजरंग मंडल भाजपा अध्यक्ष रामेश्वर गोस्वामी, उप जिला प्रमुख हगामी लाल चौधरी, ग्राम पंचायत मोलकिया प्रशासक जयसिंह गुर्जर, कादेड़ा प्रशासक रामस्वरूप गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। विधायक शत्रुघ्न गौतम के रामपाली पहुंचने पर ग्राम पंचायत भवन से कार्यक्रम स्थल चंडाली रोड स्थित भैरूजी महाराज के स्थान तक गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत जुलूस निकाला गया।

केकड़ी: स्वागत जुलूस के दौरान बग्घी में सवार विधायक शत्रुघ्न गौतम।

ग्रामीणों ने किया अभूतपूर्व स्वागत: जुलूस में विधायक शत्रुघ्न गौतम बग्घी में सवार रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद अतिथियों ने फीता काटकर करीब 82 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विधायक शत्रुघ्न गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है। मैं ऐसा आदमी हूं जिसने मुझे दिया,उसे मैं सूद-ब्याज समेत लौटाऊं। विधायक कोष जनता के लिए होता है। उन्होंने कहा कि पिछले और इस कार्यकाल में रड़िया देवनारायण मंदिर स्थल के विकास के लिए जो भी मांगा गया, वह दिया गया। विधायक गौतम ने यह भी कहा कि मेरा गुर्जर समाज से विशेष रिश्ता है और इस क्षेत्र के विकास के लिए मैं सदैव प्रतिबद्ध रहूंगा।

केकड़ी: रामपाली में लोकार्पण समारोह को संबोधित करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

पूर्व विधायक पर कसा तंज: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने पूर्व विधायक रघु शर्मा पर तंज कसते हुए कहा कि मैं वह आदमी नहीं हूं जो अपनी जीत के बाद जाकर यह कहे कि पायलट साहब, मैं आपको मेरी चमड़ी की जूती पहनाऊं तो भी कम है और जब जीत जाते हैं तो कहते हैं‌ कौन पायलट, कहां से आया पायलट। उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में चर्चा का माहौल रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांवरलाल गुर्जर ने कहा कि रामपाली गांव में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। बिजली, चिकित्सा और सड़क जैसे मूलभूत क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला है। इस अवसर पर तहसीलदार बंटी राजपूत, विकास अधिकारी दिशी शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

केकड़ी: रामपाली में आयोजित समारोह में मौजूद ग्रामीण।

इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण: रामपाली ग्राम पंचायत के अंतर्गत बिलिया में मेवदा रास्ते पर भैरूजी के पास टीनशेड (5 लाख), बिलिया में सामुदायिक भवन (10 लाख), तेजाजी के पास खुला तिबारा निर्माण (5 लाख), सुखलाल गुर्जर के मकान से शिव मंदिर की ओर सीसी रोड (10 लाख), शिव मंदिर से छोटू प्रजापत के नोहरे तक सीसी रोड (10 लाख), घीसालाल बैरवा के मकान से स्कूल की ओर सीसी रोड (10 लाख), सार्वजनिक पुलिया से शोजीराम बैरवा के मकान तक सीसी रोड (10 लाख), अजगरी में राजपूत समाज के श्मशान में टीनशेड (5 लाख), रामपाली में भैरूजी स्थान पर टीनशेड (5 लाख), सीसी चौक निर्माण (5 लाख) तथा देवनारायण मंदिर के पास सामुदायिक भवन (7 लाख) शामिल हैं।

RELATED ARTICLES