Saturday, October 3, 2026
Home सामाजिक संत निरंकारी मिशन ने चलाया स्वच्छता अभियान, सेवादारों ने दिखाया सेवा का...

संत निरंकारी मिशन ने चलाया स्वच्छता अभियान, सेवादारों ने दिखाया सेवा का जज्बा, प्राचीन जलाशय के आसपास के इलाके को किया साफ सुथरा

केकड़ी, 23 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में रविवार को अमृत परियोजना के तहत ‘स्वच्छ जल स्वच्छ मन’ अभियान का तीसरा चरण आयोजित किया गया। अभियान के तहत जयपुर रोड स्थित प्राचीन जलाशय पोकी नाडी के आसपास के क्षेत्र की साफ सफाई कर क्षेत्र का कायाकल्प किया गया। सतगुरु माता सुदीक्षा के आव्हान पर आयोजित अभियान की शुरुआत में केकड़ी ब्रांच मुखी अशोक कुमार रंगवानी ने सद्गुरु प्रार्थना करवाई।

केकड़ी: अभियान के दौरान कचरा बाहर निकालते सेवादार।

महिला व बच्चे भी नहीं रहे पीछे रंगवानी ने बताया कि अमृत परियोजना का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण है। इसके तहत जल निकायों को स्वच्छ रखने एवं स्थानीय जनता को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। कार्यवाहक सेवादल इंचार्ज प्रेम जेठवानी के नेतृत्व में सेवादारों ने पोकी नाडी के आसपास के इलाके की सफाई की तथा लगभग 8 ट्रॉली कचरा निकाला। अभियान में महिलाओं व बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।

सेवादारों को कराया जलपान केकड़ी ब्रांच मीडिया सहायक राम चन्द टहलानी ने बताया कि अभियान के दौरान श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष चंचल चौकड़ीवाल के नेतृत्व में श्याम प्रेमियों ने समस्त सेवादारों को जलपान करवाया। अभियान का अवलोकन करने के लिए शहर के कई गणमान्य नागरिक व प्रतिष्ठित व्यापारी बंधु उपस्थित हुए एवं मिशन के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

केकड़ी: अभियान के दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली में कचरा भरते सेवादार।

निखर कर आया स्वरूप पोकी नाडी के आसपास जहां हर समय गंदगी नजर आती थी। वहीं अभियान के बाद पोकी नाडी क्षेत्र का स्वरूप निखर कर सामने आया। साफ—सफाई के बाद इलाका साफ सुथरा नजर आने लगा। अभियान में केकड़ी व गुलगांव समेत अन्य गांवों से आए लगभग 110 सेवादारों ने भाग लिया। सफाई के बाद कचरा संग्रहण करने में नगर परिषद की टीम ने विशेष सहयोग किया।