केकड़ी (आदित्य न्यूज नेटवर्क) केकड़ी गौरव बालाचार्य निपूर्ण नंदी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में शुक्रवार को अहिंसा पदयात्रा ने तीर्थराज सम्मेद शिखर के लिए मंगल विहार किया। इस मौके पर सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से घंटाघर के पास स्थित आदिनाथ मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। ढोल—ढमाके व गाजे-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा में श्रीजी को स्वर्ण मंडित रथ में विराजमान किया गया। मां विजयमति घोष, बैंड एवं चार ढोल के दिव्य मंगल वादन के साथ मुनि संघ को रवानगी दी गई। शोभायात्रा में मुनि निपूर्ण नंदी महाराज के अलावा मुनि निर्भय नंदी महाराज, आर्यिका कमल श्री माताजी, आर्यिका श्रुतिका श्री माताजी, आर्यिका जय श्री माताजी, आर्यिका शुद्ध श्री माताजी, क्षुल्लिका संयम श्री माताजी भी साथ चल रहे थे। जुलूस मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने मुनिश्री के पाद प्रक्षालन किए।
मुनि संघ का किया पाद प्रक्षालन पदयात्रा जुलूस के दौरान जयपुर रोड स्थित कृषि उपज मंडी के सामने संतों के सानिध्य में जैनम धर्म कांटा एवं श्री जैन कम्प्यूटराइज्ड तिलहन लैबोरेट्री का शुभारंभ किया गया। शुरुआत में महावीर प्रसाद जैन, अशोक कुमार जैन, धनेश कुमार जैन, यश कुमार जैन व गौतम कुमार जैन एवं परिवार के अन्य महिला—पुरुषों ने मुनि संघ की भव्य अगवानी की। मुनि निपूर्ण नंदी ने मंत्रोच्चार के साथ सम्पूर्ण परिसर में अभिमंत्रित अक्षत वोहराए। इसके बाद धर्मसभा का आयोजन किया गया। शुरुआत में अनिता रांटा ने मंगलाचरण गीत प्रस्तुत किया। धनेश जैन ने मुनि संघ का पाद प्रक्षालन किया। समाज की ओर से बाहर से पधारे अतिथियों एवं गणमान्य लोगों का माल्यार्पण व साफा बंधवा कर स्वागत किया गया। कोटा से आए संगीतकार शिखर पाटोदी ने सुमधुर भजनों की रमझट लगा कर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
लोगों ने दिखाई धर्म के प्रति जागरुकता धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि निपूर्ण नंदी महाराज ने कहा कि जिस तरह बहती नदी का पानी निर्मल व स्वच्छ रहता है, उसी प्रकार साधु को एक जगह न रुक कर विचरण करते हुए धर्म की प्रभावना को आगे बढ़ाते रहना चाहिए। साधु-संत निरन्तर विहार कर जिन शासन की शोभा में अभिवृद्धि करने का कार्य करते है। ये उनका सौभाग्य है कि केकड़ी में प्रवास के दौरान लोगों ने धर्म के प्रति जागरुकता दिखाई। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर केसी जैन ने किया। धर्मसभा के बाद मुनि संघ को जुलूस के साथ जूनियां के लिए मंगल विहार करवाया गया। नायकी के समीप आदिनाथ पेट्रोलियम पर मुनि संघ का पाद प्रक्षालन कर आहारचर्या कराई कई। दोपहर बाद मुनि संघ जूनियां के लिए रवाना हो गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिला-पुरूष मौजूद रहे।