केकड़ी (आदित्य न्यूज नेटवर्क) जवाबदेही कानून पास करने के लिए हिंगोनिया के ग्रामीणों ने पोस्टकार्ड अभियान शुरु किया है। सामाजिक कार्यकर्ता रणजीत सिंह केशावत एवं रामप्रसाद गुर्जर ने बताया कि इस अभियान के तहत केकड़ी विधानसभा सभा क्षेत्र में ग्रामीणों को जवाबदेही कानून की जरूरत एवं इसकी मांग के लिए मुख्यमंत्री के नाम पोस्ट कार्ड लिखकर जवाबदेही कानून पास करवाने की मांग की जा रही है। मजदूरों को उनके काम की नपती के आधार पर मजदूरी भुगतान किया जाता है। सरकारी कर्मचारी, अधिकारी और नेताओं के लिए नपती की कोई व्यवस्था नहीं है। जबकि वे अच्छा खासा वेतन भत्ते एवं अन्य सुविधाएं भी प्राप्त करते हैं। आज एक आम नागरिक छोटे से छोटे काम के लिए दर दर की ठोकरे खाता है और सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाता रहता है। उसकी समस्या निवारण की कोई समय सीमा तय नहीं है। इस स्थिति में रिश्वतखोरी एवं भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है। यदि जवाबदेही कानून बन जाता है, तो संबंधित कर्मचारी एवं अधिकारी को आमजन की समस्या का निराकरण निर्धारित दिनों के भीतर करना होगा अन्यथा उस पर जुर्माना एवं अन्य कार्रवाई होगी। जवाबदेही कानून से आमजन में भी तीस दिन में समस्या निवारण का विश्वास बन जाएगा। जिससे रिश्वत लेने एवं देने की स्थिति में सुधार होगा। काम में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ेगी।
इसी उद्देश्य की प्राप्ति के लिए सुचना एवं रोजगार अभियान राजस्थान के बैनर तले प्रदेश में जवाबदेही कानून पास करवाने के लिए दिसंबर में राज्य स्तरीय जवाबदेही यात्रा निकाली गई तथा वर्तमान में शहीद स्मारक जयपुर में 22 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरना दिया जा रहा है। जिसे प्रदेश की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा समर्थन किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में भी सामाजिक कार्यकर्ता रणजीत सिंह केशावत एवं रामप्रसाद गुर्जर के नेतृत्व में इस कानून को पास करवाने के लिए मुख्यमंत्री के नाम पोस्ट कार्ड अभियान शुरु किया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता रणजीत सिंह केशावत ने बताया कि गांवों में आम नागरिक भी जवाबदेही कानून बनवाने के लिए अपना समर्थन दे रहे हैं। केशावत ने अपनी टीम के साथ चार दिन तक जयपुर धरने में भी भागीदारी की है और अब गांव गांव में पोस्टकार्ड अभियान के माध्यम से आमजन की मांग सरकार तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। बुधवार को हिंगोनिया में आयोजित पोस्टकार्ड अभियान में भाजपा नेता कृष्ण गोपाल वैष्णव, जम्मू मंसूरी, किशन लाल चौधरी, धीरजसिंह, रामसाहू, राकेश धाकड़, रणजीत सिंह केशावत, रामप्रसाद गुर्जर एवं अन्य ने सहयोग किया।