केकड़ी (आदित्य न्यूज नेटवर्क) यहां नगर पालिका द्वारा विभिन्न वार्डों में कराए जा रहे नाली निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में वार्ड संख्या 17 की पार्षद पूजा व्यास ने अधिशासी अधिकारी को पत्र लिख कर घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल पर तुरन्त प्रभाव से रोक लगाने एवं निर्माण कार्य उचित मापदण्ड़ों से कराए जाने की मांग की है। व्यास ने बताया कि वार्ड 17 में नाली निर्माण कार्य के लिए नगरपालिका केकड़ी द्वारा टेण्डर जारी किया गया था। उक्त नाली निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है तथा नाली निर्माण के नाम पर अनावश्यक बड़ी बड़ी दीवार का निर्माण किया जा रहा है।
उक्त दीवारनुमा निर्माण का कोई औचित्य नहीं है। नाली निर्माण कार्य में ना तो लेवल से नाली निर्माण किया जा रहा है, ना ही पानी की ढलान का ध्यान रखा जा रहा है। बिना मापदण्ड़ से कराए जा रहे निर्माण कार्यों के कारण नाली का पानी सड़कों पर आ रहा है और गन्दगी फैल रही है। उक्त कार्य को लापरवाही पूर्वक किया जा रहा है। जिसका मौका मुआयना नगरपालिका के कनिष्ठ अभियंता द्वारा भी किया जा चुका है। इसके बाद भी नाली निर्माण कार्य गलत तरीके से किया जा रहा है। जिससे वार्डवासियों में काफी रोष व्याप्त है।
पालिका अध्यक्ष को भी उक्त गलत एवं घटिया निर्माण की जानकारी देने पर भी उन्होंने कोई ठोस कार्यवाही नहीं की। नगरपालिका द्वारा जारी नाली निर्माण कार्य से लोगों को राहत के बजाय आफत का सामना करना पड़ रहा है और नगरपालिका उक्त गलत कार्य निर्माण होते हुए भी कार्यवाही नहीं कर रही है। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि अगर ठोस कार्यवाही नहीं की गयी तो वार्डवासियों द्वारा आन्दोलन किया जाएगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी पालिका प्रशासन की होगी।