केकड़ी। यहां सरवाड़ थानान्तर्गत बड़ला गांव के समीप नील गाय की चपेट में आने से बाइक सवार दो महिला व एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। एक महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे राजकीय जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सदापुर निवासी सत्यनारायण माली, नोरती देवी माली व मनभर देवी माली बाइक पर बैठकर पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने कहीं जा रहे थे। बड़ला के समीप सड़क पर आई नील गाय ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। नील गाय की टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों जने नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। घायलों को केकड़ी स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद नोरती देवी को अजमेर रेफर कर दिया गया। दोनों अन्य घायलों का उपचार केकड़ी में ही चल रहा है।