केकड़ी (आदित्य न्यूज नेटवर्क) यहां बस स्टैण्ड पर शुक्रवार सुबह महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरु की। प्राप्त जानकारी के अनुसार बोगला निवासी सीमा राव का ससुराल टोंक जिले के दूनी गांव में है। पति की मौत के बाद से सीमा खानाबदोश जीवन जी रही थी। पिछले कुछ वर्षों से वह केकड़ी स्थित बस स्टैण्ड इलाके में जीवन बसर कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह लगभग 10 बजे वह बस स्टैण्ड के बाहर अजमेर—कोटा मार्ग पर आकर बैठ गई। थोड़ी देर बाद बैठे—बैठे ही उसकी मौत हो गई। आसपास के दुकानदारों ने इसके बारे में केकड़ी शहर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर हैड कान्स्टेबल राजेश मीणा, कान्स्टेबल राजेन्द्र आचार्य मय पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचे और महिला के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ने केकड़ी में रहने वाले महिला के रिश्तेदारों का सूचना भिजवा दी। जानकारी मिलने पर महिला के परिजन मौके पर पहुंचे। आवश्यक जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव महिला के केकड़ी में रहने वाले रिश्तेदारों को सौंप दिया। बताया जाता है कि पिछले कई वर्षों से महिला केकड़ी में ही खानाबदोश जीवन जी रही थी।