Thursday, January 16, 2025
Home शासन प्रशासन 'राष्ट्रीय ग्राम स्वराज' अभियान से ग्राम पंचायतों के संस्थागत ढांचे में आएगी...

‘राष्ट्रीय ग्राम स्वराज’ अभियान से ग्राम पंचायतों के संस्थागत ढांचे में आएगी मजबूती

प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत में दीप प्रज्जवलित करते प्रधान होनहार सिंह राठौड़ एवं इस मौके पर मौजूद सरपंच।

केकड़ी (आदित्य न्यूज नेटवर्क) राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान 2021-22 के अन्तर्गत समस्त सरपंचगण/ग्राम विकास अधिकारीयों का दो दिवसीय पुनश्चर्या आवासीय प्रशिक्षण दिनांक 28 व 29 मार्च को आयोजित किया गया। जिसमें पंचायत समिति केकड़ी के समस्त सरपंच एवं ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत में पंचायत समिति प्रधान होनहार सिंह राठौड़ ने दीप प्रज्जवलित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राठौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के जरिए ग्राम पंचायतों को मजबूत करने की तरफ कदम बढ़ाएं जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से सरकार अन्तिम छोर पर खडे़ व्यक्ति को विकास के पहिए से जोड़ रही है। यही नहीं, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान का उद्देश्य है कि ग्रामसभा की क्षमता व प्रभावशीलता में अभिवृद्धि, पंचायतों में आम जनता की भागीदारी को बढ़ाना, पंचायतों को लोकतांत्रिक रूप से निर्णय लेने एवं उत्तरदायित्व निभाने हेतु सक्षम बनाना है। इसी के साथ पंचायतों की क्षमता वृद्धि करने के लिए पंचायतों के संस्थागत ढांचे को भी मजबूत बनाया जा रहा है।

सन्दर्भ वक्ता रमेश चन्द गुर्जर ने प्रशिक्षण अभियान का परिचय, पंचायतीराज की त्रिस्तरीय व्यवस्था एवं ग्राम पंचायत की कार्य प्रणाली पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी। अतिरिक्त विकास अधिकारी पुरुषोत्तम लाल शर्मा ने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की प्रमुख योजनाओं आपदा प्रबन्धन एव पंचायतीराज संस्थाओं की भूमिका की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दूसरे दिन सन्दर्भ वक्ता प्रहलाद चन्द बड़ोदिया ने डिजीटल, वित्तीय प्रबन्धन, अंकेक्षण तथा इंटिग्रेटेट पंचायतीराज योजनाओं की जानकारी दी। सहायक विकास अधिकारी रमेश चन्द गुर्जर ने राजस्व एवं पट्टा नियम, सतत विकास लक्ष्य एवं पंचायतीराज संस्थाओं की भूमिका की जानकारी दी। सहायक विकास अधिकारी महेन्द्र सिंह राठौड़ ने ठोस एंव तरल कचरा प्रबन्धन, ग्रामीण विकास प्रशासन में उभरती चुनौतियों के बारे में बताया। पुरूषोत्तम लाल शर्मा ने जलग्रहण विकास एवं पंचायतीराज संस्थाओं की भूमिका की जानकारी दी। प्रशिक्षण में सरपंचों ने भी विचार व्यक्त किए। विकास अधिकारी मधुसूदन ने ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण के मुख्य बिन्दुओं पर प्रकाश डालते हुए आभार जताया तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

RELATED ARTICLES