केकड़ी। कस्बे में शुक्रवार को संविधान दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। सापण्दा रोड स्थित सुधासागर दिगम्बर जैन विद्या विहार विद्यालय में विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का पाठन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य एसएन खण्डेलवाल ने कहा कि राष्ट्र, समाज एवं समुदाय के जीवन में संविधान का विशेष महत्व है। संविधान हमें सभ्य और संगठित रहने में मदद करता है। संविधान की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरसड़ी में संविधान दिवस व मतदाता जागरुकता कार्यक्रम के तहत मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमे करीना मीणा प्रथम, रोनिका गुर्जर द्वितीय व छोटी बैरवा तृतीय रही। संचालन पूर्णिमा पाराशर ने किया। आयोजन में प्रमिला शर्मा व शशिकला पारीक ने सहयोग किया। विजेता प्रतिभागियों को सरपंच सोनू लोढ़ा ने पारितोषिक देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य विष्णु शर्मा ने कहा कि संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा बनाए रखने एवं इसके महत्व से अवगत कराने के लिए इस दिवस का आयोजन किया जाता है।
इसी प्रकार राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं मतदान साक्षरता क्लब की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य पीयूष कुमार गुप्ता ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला तथा मूल उद्देशिका का वाचन किया। इस मौके पर सह आचार्य अनिल कुमार गुप्ता व डॉ. प्रताप पिंजानी ने भी विचार व्यक्त किए। संयोजन शिक्षा माथुर ने किया। इस दौरान रंगोली, मेहंदी व निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमे विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया।