Site icon Aditya News Network – Kekri News

लॉटरी के जरिए तय हुए विजेताओं के नाम, छाबड़िया व केकड़ी के किसान को प्रथम पुरस्कार में मिले 25—25 हजार रुपए

केकड़ी: कृषक उपहार योजना की लॉटरी निकालते अतिथि।

केकड़ी, 17 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): कृषि विपणन विभाग की ओर से कृषि उपज मंडी समिति के माध्यम से किसानों के लिए चलाई गई ‘कृषक उपहार योजना 2021-22’ की लॉटरी सोमवार को निकाली गई। इस मौके पर मंडी प्रशासक एवं उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली, कृषि विपणन विभाग द्वारा नामित प्रतिनिधि व देवली कृषि उपज मण्डी के सचिव रामहंस मीणा, सदस्य सचिव व मंडी सचिव उमेश चन्द शर्मा एवं व्यापारिक एसोसिएशन अध्यक्ष शिवप्रसाद तोषनीवाल समेत कई किसान एवं व्यापारी मौजूद रहे। कृषि उपज मंडी समिति केकड़ी के सचिव उमेश शर्मा ने बताया कि योजना के तहत किसानों को मंडी में अपनी उपज विक्रय करने एवं ई-भुगतान प्राप्त करने पर नि:शुल्क ई-उपहार कूपन जारी किए गए थे। एक जनवरी 2023 से 30 जून 2023 तक जारी किए गए कूपनों की लॉटरी ऑफलाइन ड्रा के माध्यम से कृषि उपज मण्डी समिति के सभा कक्ष में निकाली गई।

मण्डी समिति वहन करेगी पुरस्कार राशि मंडी सचिव उमेश चन्द शर्मा ने बताया कि गेट पास की विक्रय पर्ची योजना के तहत जारी कूपन में छाबड़िया निवासी शोभाराम गुर्जर ने प्रथम, तितरिया निवासी श्रवण गुर्जर ने द्वितीय एवं गुढ़ाखुर्द तहसील भिनाय निवासी पप्पू खारोल ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया है। इसी प्रकार ई-नाम भुगतान की विक्रय पर्ची योजना के तहत जारी कूपन पर केकड़ी निवासी चेतन प्रकाश जैन ने प्रथम, रूपनिवास निवासी हरिराम कुमावत ने द्वितीय एवं अजगरा निवासी संजू देवी धाकड़ ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया है। दोनों योजनाओं में प्रथम पुरस्कार में 25 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार में 15 हजार रुपए तथा तृतीय पुरस्कार में 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। लॉटरी में विजेता रहने वाले किसानों को पुरस्कार राशि मंडी समिति की ओर से दी जाएगी। इस पर दी जाने वाली आयकर राशि भी मंडी समिति द्वारा वहन की जाएगी।

Exit mobile version