केकड़ी (आदित्य न्यूज नेटवर्क) देवगांव गेट स्थित चंद्रप्रभु चैत्यालय में बुधवार को दिगम्बर जैन समाज द्वारा विधानाचार्य पंडित अंकित जैन के निर्देशन में देवाधिदेव 1008 चन्द्रप्रभु भगवान का मोक्षकल्याणक महोत्सव भक्ति-भाव के साथ मनाया गया। मंत्रोच्चारण के बीच सौभाग्यशाली प्रमुख पात्रों एवं अन्य श्रावकों ने जिनेन्द्र देव का रजत कलशों से जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के बाद लाभार्थी परिवार ने शांतिधारा की। इस दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। निर्वाण काण्ड का पाठ करने के बाद श्रावक—श्राविकाओं ने निर्वाण लाडू चढ़ाया। दोपहर में विधानाचार्य पंडित अंकित जैन के निर्देशन में चंद्रप्रभु मंडल विधान का आयोजन हुआ। विधान के दौरान भगवान के गुणों का गुणगान करते हुए मंडल विधान पर 124 श्रीफल अर्घ्य समर्पित किए गए। भजनों की मनभावन प्रस्तुतियों पर श्रावक श्राविकाओं ने भाव विभोर होकर नृत्य किया। नृत्य एवं भजनों की प्रस्तुति के दौरान वातावरण भक्तिमय हो गया। सायंकालीन सत्र में भगवान चन्द्रप्रभु की मंगल आरती की गई।