केकड़ी (आदित्य न्यूज नेटवर्क) राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी फेडरेशन शाखा केकड़ी से जुड़े कर्मचारी शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। इस दौरान पालिकाकर्मियों ने पालिका कार्यालय के सामने धरना दिया व नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। फेडरेशन के अध्यक्ष रामगोपाल चौधरी एवं महामंत्री शब्बीर अहमद ने बताया कि केकड़ी नगर पालिका में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत शशिकान्त दाधीच ने गाली गलौच करने एवं राजकार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में ठेकेदार किशन गोपाल परेवा के खिलाफ केकड़ी शहर थाना पुलिस में मुकदमा दर्ज करवा रखा है। मुकदमा दर्ज होने के चार दिन बाद भी ठेकेदार के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जा रही। इस संबंध में उपखण्ड अधिकारी, पुलिस उप अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है।
ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से पालिका के कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। चौधरी ने बताया कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। इस मौके पर पालिका के सभी कर्मचारी मौजूद रहे। पालिकाकर्मियों की हड़ताल के कारण शुक्रवार को नगर पालिका का कामकाज बाधित रहा। मार्च क्लोजिंग होने के कारण चारों तरफ कामकाज का दबाव है। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण किसी तरह का कार्य नहीं होने से पालिका की पेंडेंसी बढ़ने की पूरी उम्मीद है। हड़ताल के कारण शुक्रवार को पालिका में छोटा—मोटा काम कराने आए लोगों को भी खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।