Thursday, June 19, 2025
Homeशिक्षाअंतरिक्ष की दुनिया को करीब से देख रोमांचित हुए विद्यार्थी, रविवार को...

अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से देख रोमांचित हुए विद्यार्थी, रविवार को भी उठा सकेंगे प्रदर्शनी का लुत्फ

केकड़ी, 3 दिसम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): कस्बे के अजमेर रोड स्थित पटेल आदर्श विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो की ओर से विक्रम साराभाई अंतरिक्ष विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रधानाध्यापक रामेश्वर चौहान ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राधेश्याम कुमावत, इसरो के एन.जे. भट्ट एवं डॉ. सर्वेश्वर व्यास व जिला परिवहन विभाग के सहायक प्रोग्रामर राजेंद्र कुमार माली ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलन करके किया। विद्यालय प्रबंध समिति के सह सचिव राजेश शर्मा ने अतिथियों का परिचय कराया।

विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों शशि विजय, राधा माहेश्वरी, गोविंद शर्मा, बिरदीचन्द वैष्णव, काशीराम विजय, प्रधानाध्यापक रामेश्वर चौहान, प्रधानाध्यापिका माया ओझा, प्रधानाध्यापिका विनीता जोशी, भोलू राम कुमावत, लादू राम रेगर, अरविंद तेली, सोनू, बजरंग लाल धाकड़, धर्मी चंद रेगर आदि ने अतिथियों का स्मृति चिन्ह, श्रीफल एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर इसरो के एन.जे. भट्ट ने अपने उद्बोधन में बताया कि, पढ़ाई का माध्यम अंग्रेजी ही हो यह आवश्यक नहीं है। हिंदी माध्यम से पढ़ाई करने वाले व्यक्ति भी बड़े -बड़े वैज्ञानिक बने हैं। पर्यावरण सुरक्षा मानव के लिए जरूरी है। इसरो के डाॅ. सर्वेश्वर व्यास ने बताया कि गांव में पढ़ा व्यक्ति भी इसरो तक पहुंच सकता है। प्रत्येक राज्य के 8 बच्चों का चयन कर अहमदाबाद में ट्रेनिंग दी जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष बिरदी चंद वैष्णव ने आभार जताया। संचालन घीसानाथ योगी ने किया। इस दौरान आयोजित प्रदर्शनी में संचार उपग्रहों, चंद्रयान, मंगल, आर्बिटर मिशन आदि से संबंधित डिस्प्ले किया गया तथा मार्स मिशन के कैमरे का मॉडल, लॉन्च व्हीकल के स्टैंड मॉडल, उपग्रहों के क्रियाशील मॉडल आदि का प्रदर्शन किया गया। शनिवार को मालपुरा जिला टोंक, कादेड़ा व केकड़ी के लगभग 3000 विद्यार्थियों तथा नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

RELATED ARTICLES