Site icon Aditya News Network – Kekri News

अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के उत्थान का लक्ष्य लेकर कार्य करती है ‘भारतीय जनता पार्टी’

अजमेर में आयोजित कार्यालय उद्घाटन समारोह में मौजूद भाजपा कार्यकर्ता।

केकड़ी, 11 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर समेत प्रदेश के 11 जिलों में बुधवार को भाजपा के कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हनुमानगढ़ जिले से सभी जिलों का उद्घाटन किया। अजमेर में कार्यालय उद्घाटन के दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्न चंद मेहता सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जयपुर रोड स्थित भूणाबाय कांकरदा में बने नए भाजपा कार्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम सुबह 8:30 बजे शुरु हुआ।

अजमेर में आयोजित कार्यालय उद्घाटन समारोह में केन्द्रीय मंत्री शेखावत के साथ केकड़ी के भाजपा नेता राजेन्द्र विनायका।

कार्यक्रम में भाजपा नेता राजेन्द्र विनायका के नेतृत्व में केकड़ी भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इनमे अजमेर जिला देहात उपाध्यक्ष सत्यनारायण चौधरी, महामंत्री रायचंद बागड़ी, पंचायत समिति प्रधान होनहार सिंह राठौड़, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष आशा कंवर, सरवाड़ शहर मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल खींची, ब्रह्माणी माता मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण गुर्जर, शहर महामंत्री विजयवर्गीय रामबाबू सागरिया, जिला युवा मोर्चा महामंत्री देवव्रत सिंह राठौड़, पूर्व मंडल अध्यक्ष बलराज मेहरचंदानी, पूर्व प्रधान भूपेंद्र सिंह शक्तावत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल, गणेश चौकी कादेड़ा मंडल संयोजक महेश शर्मा, योगराज सिंह, राव वीरभद्र सिंह, पूर्व सरपंच रोबिन सिंह शक्तावत, रामस्वरुप गुर्जर, आईटी प्रमुख रोहन राठी समेत कई कार्यकर्ता शामिल है।

अजमेर में आयोजित कार्यालय उद्घाटन समारोह में मौजूद भाजपा कार्यकर्ता।

कार्यालय में सबसे पहले हवन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भाजपा एक मात्र ऐसी पार्टी है जो अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के उत्थान का लक्ष्य लेकर काम करती है। वर्तमान में भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। जिसके पास सबसे ज्यादा सांसद, सबसे ज्यादा विधायक हैं। उन्होंने दावा किया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में राजस्थान में भाजपा की सरकार बनेगी और इसके बाद लोकसभा चुनाव में तीसरी बार भाजपा बहुमत से सरकार बनाएगी। शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरा राजस्थान दंगों की आग में जल रहा है। बेरोजगार दर-दर भटकने पर मजबूर हैं। लोगों को पीने का पानी तक नहीं मिल रहा। लेकिन हमारे मुख्यमंत्री कांग्रेस की महारानी की अगवानी में लगे हुए है।

अजमेर में आयोजित कार्यालय उद्घाटन समारोह में मौजूद भाजपा कार्यकर्ता।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने केंद्र की हर योजना में असहयोग किया। इसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ा। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ना केवल कोरोना प्रबंधन में विफल साबित हुई। बल्कि कानून व्यवस्था भी पूरी तरह से फेल साबित हुई। कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सांसद भागीरथ चौधरी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्नचंद मेहता, विधायक वासुदेव देवनानी, अनिता भदेल, सुरेश सिंह रावत, वर्तमान शहर जिला अध्यक्ष प्रियशील हाड़ा, देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा, पूर्व देहात अध्यक्ष बीपी सारस्वत, नगर निगम महापौर ब्रजलता हाडा, पूर्व जिला प्रमुख वंदना नोगिया, प्रमुख पुखराज पहाड़िया, डिप्टी मेयर नीरज जैन सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version