केकड़ी, 23 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): संत निरंकारी मिशन की ओर से अजमेर जोन का महिला संत समागम रविवार को अजमेर के किंग एडवर्ड मेमोरियल हॉल में आयोजित किया गया। अजमेर जोनल इंचार्ज धम्मन दास निरंकारी ने बताया कि इस समागम में अजमेर जोन की अजमेर, केकड़ी राजसमंद, टांकावास, गुलगांव, भीम, बिजयनगर, किशनगढ़, पाली, ब्यावर, मारवाड़, नसीराबाद सहित कुल सोलह ब्रांचों की महिला साध संगत ने भाग लिया।
जहां नारी का सम्मान, वह घर स्वर्ग के समान संत निरंकारी मण्डल केकड़ी के मीडिया सहायक रामचन्द टहलानी के अनुसार समागम को संबोधित करते हुए ज्ञान प्रचारक बहन सुशीला शर्मा (सरदारशहर) ने कहा कि जिस परिवार में प्यार और सत्कार की भावना होती है, वही घर स्वर्ग बन जाता है। एक महिला विवाह के बाद दो कुलों को तारती है। बच्चों को कार के बजाए संस्कार देना भी जरूरी है। संतान संस्कारवान नहीं हो तो घर क्लेश से भर जाता है। जिस घर में नारी का सम्मान होता है वह घर स्वर्ग के समान है। जहां नारी को दबा कर रखा जाता है, वहां नरक का वास होता है।
अजमेर जोन के महिला संत समागम में केकड़ी की महिलाओं ने भी निभाई भागीदारी, उत्साह से लिया भाग
