केकड़ी, 15 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विद्या भारती संस्थान अजमेर के तत्वावधान में पटेल आदर्श विद्या निकेतन केकड़ी में चल रहा आठ दिवसीय नवीन आचार्य व राष्ट्रीय शिक्षा नीति प्रशिक्षण वर्ग 2022 का समापन बुधवार को हो गया। समारोह की शुरुआत विद्या भारती राजस्थान के सह संगठन मंत्री गोविन्द कुमार एवं जिला सचिव राजेन्द्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन से की। विद्यालय प्रबंधन समिति के सह सचिव राजेश शर्मा ने अतिथियों का तिलक लगाकर श्रीफल देकर भारतीय परम्परा के अनुसार अतिथि सत्कार किया। जिला प्रशिक्षण प्रमुख शक्ति सिंह ने वर्ग प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ग में कुल 75 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता गोविन्द कुमार ने वर्तमान राष्ट्रीय चुनौतियां एवं उनके निवारण में हमारी भूमिका पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बालकों के मनोविज्ञान को समझना होगा। अध्ययन को प्रभावशाली बनाने के लिए प्रश्नोत्तरी विधि, खेल विधि आदि विधियों को उपयोग किया जाना चाहिए। वर्तमान समय में शिक्षक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षकों को बालकों का विश्वास जीतने एवं युगानुकूल परिवर्तन पर बल देना चाहिए। इसी के साथ संगठन सर्वोपरि है इसे कभी भी विस्मृत नहीं करना चाहिए। मंच संचालन भूपेंद्र उबाना ने किया। सोशल मीडिया प्रभारी नरेन्द्र कुमार पारीक ने आभार जताया।