Site icon Aditya News Network – Kekri News

आठ दिन तक डीप फ्रीज में पड़ा रहा महिला का शव, जिम्मेदारों ने नहीं ली सुध…!

राजकीय जिला चिकित्सालय का फाइल फोटो।

केकड़ी (आदित्य न्यूज नेटवर्क) राजकीय जिला चिकित्सालय की मोर्चरी के डीप फ्रीज में आठ दिन तक महिला का शव पड़ा रहने का मामला सामने आया है। इन आठ दिनों में न तो पुलिस ने उसके परिजन को तलाश करने की जहमत उठाई, न ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस प्रशासन को वापस याद दिलाने का श्रम किया। ऐसे में आठ दिन तक महिला का शव मोर्चरी के डीप फ्रीज में ही पड़ा रहा। रविवार को स्थानीय पार्षद को मामले की जानकारी हुई तो उसने पुलिस व अस्पताल प्रशासन को मामले से अवगत कराया। इसके बाद मौके पर पहुंची केकड़ी शहर थाना पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की है।

राजकीय जिला चिकित्सालय के डीप फ्रीज में रखा खानाबदोश महिला का शव।

उजागर हुई गंभीर लापरवाही प्राप्त जानकारी के अनुसार सरवाड़ में खानाबदोश जीवन जी रही भावना शर्मा (71) पत्नी कांतिलाल शर्मा की गत 15 फरवरी को तबियत खराब हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से महिला को केकड़ी स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती करवा दिया। गत 19 फरवरी को महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद ड्यूटी पर तैनात चिकित्साकर्मी ने इसकी जानकारी पुलिस को करते हुए शव को मोर्चरी में शिफ्ट करवा दिया। मोर्चरी में शव रखा होने की सूचना मिलने के बाद भी पुलिस के किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने आगे की कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई। रविवार को पार्षद रमाकांत दाधीच को किसी चिकित्साकर्मी से जानकारी मिली कि पिछले आठ दिन से एक महिला का शव मोर्चरी के डीप फ्रीज में रखा हुआ है। दाधीच ने पुलिस व प्रशासन को मामले से अवगत कराया। मामले का पता चलते ही पुलिस प्रशासन व चिकित्सा महकमे में हडकंप मच गया। केकड़ी शहर थाना पुलिस अधिकारी सुधीर कुमार उपाध्याय अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरु की।

इनका कहना है महिला का शव आठ दिन तक डीप फ्रीज में पड़ा रहने का मामला सामने आया है। मामले की जांच पड़ताल शुरु की है। किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही पाई गई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घनश्याम शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, केकड़ी

Exit mobile version