केकड़ी, 2 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): गत बुधवार को नायकी में हुई युवक की हत्या अवैध संबंधों के कारण हुई थी। इस संबंध में केकड़ी शहर थाना पुलिस ने मृतक सत्यनारायण धाकड़ की पत्नी रसीला धाकड़ को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी सुधीर कुमार उपाध्याय ने बताया कि हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी महेंद्र जांगिड़ से पूछताछ में पता चला कि मृतक की पत्नी रसीला अपने पति सत्यनारायण धाकड़ को नापसंद करती थी। वह इससे पीछा छुड़ाना चाहती थी। लेकिन पारिवारिक कारणों से वह इसमे सफल नहीं हो पा रही थी। रसीला का विवाह आटा साटा पद्धति के तहत हुआ था। ऐसे में रसीला अपने पति को छोड़ती तो उसके भाई का संबंध भी प्रभावित होता। पति से नाखुश रसीला का मानना था कि पति के बचपन का सहपाठी महेन्द्र उसमे इसकी मदद कर सकता है।
भरोसा पड़ा भारी रसीला ने महेन्द्र को इस बात के लिए तैयार किया कि वह सत्यनारायण को उसे छोड़ने के लिए राजी करे। सत्यनारायण द्वारा छोड़ने के बाद वह अपनी मर्जी की जगह नाता प्रथा के तहत विवाह कर लेती। बताते है कि महेन्द्र पर किया गया भरोसा ही उस पर भारी पड़ गया। महेन्द्र कब रसीला के नजदीक आ गया, उसे इसका अहसास ही नहीं हुआ। दोनों के बीच मुलाकातें बढ़ने लगी और दोनों एक दूसरे को हद दर्जे तक चाहने लगे। इसी के साथ दोनों ने मर्यादा ही हर सीमा लांघ दी और एक दूसरे के बेहद नजदीक आ गए। सूत्रों की माने तो रसीला किसी भी स्थिति में सत्यनारायण के साथ नहीं रहना चाहती थी और महेन्द्र यह बात अच्छी तरह जानता था कि जब तक सत्यनारायण रास्ते से नहीं हटेगा, रसीला उसकी नहीं हो सकेगी।

मौका मिलते ही कर दिया काम तमाम इसी सोच को साकार करने के लिए महेन्द्र ने सत्यनारायण को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया। उसने मन ही मन हत्या की योजना बनानी शुरु कर दी। महेन्द्र ने योजना के अनुसार गत 28 जून को सत्यनारायण को नायकी के खेतों में ले जाकर पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी। उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने रसीला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वहीं पुलिस ने हत्या के मामले में रिमांड पर चल रहे महेन्द्र जांगिड़ से पूछताछ तेज कर दी है। महेन्द्र को रिमांड अवधि समाप्त होने पर 4 जुलाई को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
संबंधित समाचारों के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करें।
युवक की नृशंस हत्या, खेत में पड़ा मिला शव
https://adityanewsnetwork.com/युवक-की-नृशंस-हत्या-खेत-मे/
कातिल तक पहुंचे पुलिस के हाथ, जल्द होगा मर्डर मिस्ट्री का पटाक्षेप…!
https://adityanewsnetwork.com/कातिल-तक-पहुंचे-पुलिस-के-ह/
पुलिस ने चौबीस घण्टे में किया नायकी हत्याकाण्ड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
https://adityanewsnetwork.com/पुलिस-ने-चौबीस-घण्टे-में-क/
तीन दिन होगी पूछताछ, पुलिस टटोलेगी हर संभावना, अहम खुलासा होने की उम्मीद…!
https://adityanewsnetwork.com/तीन-दिन-होगी-पूछताछ-पुलिस/