केकड़ी, 12 सितम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भाजपा की ओर से निकाली जा रही परिवर्तन संकल्प यात्रा को भ्रमित करने वाली यात्रा बताते हुए कांग्रेस ने कटाक्ष किया है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत ने एक बयान जारी कर बताया कि भाजपा की परिवर्तन यात्रा सिर्फ ढकोसला साबित हो रही है। यह यात्रा भाजपा के अंदरूनी कलह को जनता के सामने आने से बचाने का प्रयास मात्र है। इसका कहीं कोई आधार नहीं है। प्रदेश की जनता इस बात से भली भांति वाकिफ है, कि इन पांच सालों में राजस्थान में कांग्रेस सरकार के शासनकाल में अद्वितीय विकास हुआ है। जटिल परिस्थितियों में भी कांग्रेस की सरकार ने विकास का डंका बजाया है। पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं केकड़ी विधायक डॉ रघु शर्मा ने चिकित्सा मंत्री के कार्यकाल के दौरान कोरोना जैसी महामारी के बीच बेहतर प्रबंधन करके राजस्थान में यह सिद्ध किया है कि वह जटिल परिस्थितियों में और भी दृढ़ तरीके से काम करना जानते हैं। दूसरी तरफ विकास की बात करें तो पूरे प्रदेश में बड़े शहर से लेकर गांव ढाणी तक छोटी इकाइयां भी विकास की ऊंचाइयां छू रही है।
केकड़ी को जिला बनाकर दी बड़ी सौगात राजस्थान की सरकार ने बरसों बाद प्रदेश का जमीनी समीकरण बदलते हुए जिलों का विस्तार किया है। केकड़ी को जिला बनवा कर रघु शर्मा ने केकड़ी के तरक्की पत्र पर मुहर लगाई है। राज्य सरकार का यह निर्णय प्रदेश के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होने वाला है। परिवर्तन संकल्प यात्रा के रूप में जनता में भाजपा का यही मैसेज जा रहा है कि यह पार्टी खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी स्थिति से गुजर रही है। जबकि कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश में आम से लेकर जरूरतमंद गरीब वर्ग तक को लाभान्वित करने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। शक्तावत ने कहा कि परिवर्तन की दरकार अब देश में है। क्योंकि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार आमजन के मुद्दों पर फेल हो चुकी है। प्रदेश की जनता कांग्रेस की तरफ उम्मीद से देख रही है। केंद्र की भाजपा सरकार सिर्फ बातें करना जानती है। धरातल पर किसी भी कार्य की कोई क्रियान्वित ही नहीं है।
महंगाई व बेरोजगारी चरम पर शक्तावत ने कहा कि देश में भाजपा सरकार ने पैट्रोल, डीजल और गैस के दामों में बढ़ोतरी कर महंगाई को चरम सीमा तक पहुंचा दिया है। अब जब चुनाव सिर पर आए तो उन्हें जनता का दर्द समझ आया और गैस की कीमतों में कमी कर जनता को मूर्ख बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की इस यात्रा को कहीं भी समर्थन नहीं मिल रहा है। क्योंकि राजस्थान की जनता ने तय कर लिया है कि वे पुनः प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता को ही समर्थन देंगे। उन्होंने राजस्थान सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सकारात्मक सूझबूझ से क्रियान्वित की गई योजनाओं की जानकारी देते हुए जनता से आग्रह किया है कि वे परिवर्तन यात्रा को नमन कर देश से भाजपा की विदाई तय करे।
कांग्रेस ने भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा पर किया कटाक्ष, बयान जारी कर कहा— जनता को भ्रमित करने वाली है यह यात्रा
