केकड़ी, 06 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी विधानसभा के लिए कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रघु शर्मा ने सोमवार को समर्थकों की भारी भीड़ के साथ नामजदगी का पर्चा दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने से पहले कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रघु शर्मा ने ब्यावर रोड स्थित केकड़ाधीश बालाजी मंदिर समेत शहर के प्रमुख मंदिरों में देव दर्शन किए। डॉ. रघु शर्मा लगभग 12 बजे निर्वाचन कार्यालय पहुंचे और आवश्यक कागजी कार्रवाई की।
केकड़ी: नामांकन से पहले केकड़ाधीश बालाजी मंदिर में दर्शन करते रघु शर्मा।
शुभ मुहुर्त में दाखिल किया नामांकन इसके बाद वे शुभ मुहुर्त के इंतजार में लगभग पन्द्रह मिनट तक वहां रूके रहे। उन्होंने 12.15 बजे नामांकन के तीन सेट निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली को सौंपे। इस दौरान उनकी पत्नी वीरा शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत व श्यामलाल बैरवा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष हेमन्त जैन आदि मौजूद रहे।
केकड़ी: नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते डॉ. रघु शर्मा।
स्थापित हुए है कई कीर्तिमान नामांकन दाखिल करने के बाद पटेल मैदान पर जन आशीर्वाद सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि उन्होंने अब तक विकास की राजनीति की है। इसी कारण केकड़ी की जनता ने हमेशा अपना समर्थन दिया है। वर्तमान कार्यकाल में केकड़ी को जिला बनाने के साथ ही विकास के कई नए कीर्तिमान स्थापित किए है। आने वाले वर्षो के लिए उन्होंने पूरा रोड मैप तैयार कर रखा है। उसी अनुरूप केकड़ी के विकास की नई गति देने का कार्य किया जाएगा तथा केकड़ी को आदर्श जिला बनाया जाएगा।
भाजपा के पास गिनाने के लिए कुछ नहीं इस दौरान डॉ. रघु शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम पर जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि गौतम भी पांच साल विधायक रहे है। उन्हें भी संसदीय सचिव रहने का मौका मिला है। इसके बाद भी उनके पास विकास के नाम पर गिनाने के लिए कुछ नहीं है। इसीलिए वे चुनाव प्रचार के दौरान अनर्गल भाषा का प्रयोग कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे है। लेकिन क्षेत्र की जनता समझदार है। वह इस बार उनके झांसे में आने वाली नहीं है।
केकड़ी: सभा के दौरान लोगों का अभिवादन करते डॉ. रघु शर्मा व सागर शर्मा।
बरकरार रखनी होगी विकास की गति सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य एवं युवा नेता सागर शर्मा ने कहा कि डॉ. रघु शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हुए है। आने वाले सालों में विकास के कामों को और आगे बढ़ाना है। विकास की गति बरकरार रखने के लिए इस बार भी डॉ. रघु शर्मा को विधायक बनाकर जयपुर भेजना होगा। सभा में कांग्रेस नेता शक्ति प्रताप सिंह, सीमा चौधरी, भूपेन्द्र सिंह राठौड़ समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। संचालन रतन पंवार व एसएन न्याती ने किया।
केकड़ी: कांग्रेस प्रत्याशी रघु शर्मा की नामांकन रैली में उमड़ी भीड़।
रैली में उमड़ी भारी भीड़ सभा के बाद विशाल रैली निकाली गई। रैली में कार्यकर्ता एवं समर्थक नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। रैली पटेल मैदान से रवाना होकर तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घण्टाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, सरसड़ी गेट, पाल टाकीज रोड, ब्यावर रोड चौराहा, बस स्टैण्ड होते हुए वापस पटेल मैदान पहुंच कर सम्पन्न हुई। रैली के दौरान शहरवासियों ने अनेक स्थानों पर शर्मा का माल्यार्पण व साफा बंधवा कर अभिनन्दन किया।
केकड़ी: कांग्रेस प्रत्याशी की जन आशीर्वाद सभा में मौजूद भीड़।
ये रहे मौजूद इस मौके पर राजस्थान फार्मेसी काउंसिल के सदस्य राजेन्द्र भट्ट, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, नगर परिषद सभापति कमलेश साहू, युवा नेता धनेश जैन, सरपंच संघ के पूर्व अध्यक्ष धर्मीचन्द न्याती, पार्षद रमाकांत दाधीच, सरपंच प्रतिनिधि सांवरलाल गुर्जर, निर्मल चौधरी, नवल किशोर पारीक समेत अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।