Site icon Aditya News Network – Kekri News

कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और वादाखिलाफी से हर वर्ग प्रताड़ित—पूनिया

केकड़ी: आमसभा के दौरान जनता का अभिवादन स्वीकार करते भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया।

केकड़ी, 18 दिसम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भाजपा की जनाक्रोश यात्रा के समापन पर रविवार को यहां पटेल मैदान पर आमसभा का आयोजन किया गया। आमसभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। पूनिया के सभास्थल पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोश खरोश के साथ स्वागत किया। पूर्व संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौत्तम, भाजपा नेता राजेन्द्र विनायका, मंडल अध्यक्ष अनिल राठी आदि ने पूनिया का माल्यार्पण कर, साफा, बुके तथा अभिनंदन पत्र भेंट कर स्वागत किया।
प्रदेश में अराजकता का माहौल आमसभा को संबोधित करते हुए पूनिया ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के शासन में जनविरोधी नीतियों और वादाखिलाफी से हर वर्ग प्रताड़ित है। कोई नौजवान केवल 35 सौ रुपये कर्जे के कारण न केवल अपनी जीवन लीला को समाप्त कर रहा है, बल्कि पूरा परिवार प्राण त्यागने को मजबूर हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। राज्य सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। बहुसंख्यक वर्ग पर अत्याचार हो रहे है। विरोध करने पर सरकार दमनकारी नीति अपना कर कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है।

प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार पूनिया ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। कांग्रेस का सूर्य 2023 में राजस्थान में अस्त हो जाएगा। पूनिया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सवाल पूछा कि सरकार बनने से पहले जन घोषणा पत्र में कांग्रेस ने जिन संविदाकर्मियों को नियमित करने का वादा किया था उसका क्या हुआ। पूनिया ने कार्यकर्ताओं को भगवान बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की बदौलत ही भाजपा आने वाले चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज करेगी।
कांग्रेस ने देश को बांटने का काम किया आमसभा को संबोधित करते हुए सांसद भागीरथ चौधरी ने कहा कि आजादी के बाद से कांग्रेस ने सिर्फ देशवासियों को बांटने का काम किया है। अंग्रेजों की नीति अपनाते हुए समाज के नाम पर बांटने का काम किया। आमजन की राहत के लिए कोई कार्य नही किया।

सत्ता परिवर्तन की शुरुआत केकड़ी से होगी पूर्व संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौत्तम ने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से होगी। जब जब भी केकड़ी की जनता ने जिस पार्टी का विधायक चुना है उसी पार्टी की सरकार प्रदेश में बनती है। 2023 में भी केकड़ी की जनता इस इतिहास को दोहराएगी और प्रचंड वोटों से यहां से भाजपा की जीत होगी। आमसभा का संचालन संपत सांखला ने किया।
थामा भाजपा का दामन आमसभा के दौरान कांग्रेस से जिला परिषद सदस्य रहे प्रधान धाकड़ ने भाजपा का दामन थाम लिया। धाकड़ ने पूर्व संसदीय सचिव के नेतृत्व में आमसभा में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने धाकड़ को भाजपा का दुपट्टा पहना कर पार्टी में स्वागत किया।

इक्यावन किलो की माला पहना कर किया स्वागत सतीश पूनिया का सभास्थल पर भाजपा मंडल द्वारा 51 किलो फूलों की माला पहना कर स्वागत किया गया। इसी प्रकार महिला मोर्चा की ओर से तलवार भेंट की गई एवं युवा मोर्चा की ओर से 21 किलो फूलों की माला पहना कर व तलवार भेंट कर अभिनन्दन किया गया। इस दौरान भाजपा के विभिन्न मंडलों, अनेकों समाज के प्रतिनिधियों की ओर से भी माला पहना कर स्वागत किया गया।
उमड़ा जन सैलाब रविवार को पटेल मैदान पर आयोजित हुई भाजपा की आमसभा में क्षेत्र के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। पटेल मैदान पर बनाया गया पांडाल छोटा पड़ गया। आमजन के लिए जो कुर्सियां लगाई गई उनके भरने में बद भी मैदान में बड़ी संख्या में लोग खड़े दिखाई दिए।

Exit mobile version