Thursday, June 19, 2025
Homeमनोरंजनकाव्य महोत्सव में देश के नामचीन कवि बहाएंगे काव्य सरिता, हास्य कवि...

काव्य महोत्सव में देश के नामचीन कवि बहाएंगे काव्य सरिता, हास्य कवि सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में 4 जून को होगा आयोजन

केकड़ी, 26 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सुप्रसिद्ध हास्य कवि दिवंगत सुरेन्द्र दुबे की पंचम पुण्य तिथि पर स्मृति संस्थान के तत्वावधान में रविवार 4 जून 2023 को नगर पालिका के रंगमंच पर रात्रि 7.30 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। समिति के संस्थापक चन्द्रप्रकाश दुबे ने बताया कि कवि सम्मेलन में पं. सत्यनारायण सत्तन इन्दौर, डॉ कीर्ति काले दिल्ली, कुंवर जावेद बदायूं, डॉ. कैलाश मण्डेला शाहपुरा, अजय अंजाम औरैया, राजकुमार बादल शक्करगढ़, गजेन्द्र कविया जयपुर, प्रहलाद चांडक कैमली करौली, ईशान दुबे जयपुर सहित अन्य कवि काव्यपाठ करेंगे।

केकड़ी: सुप्रसिद्ध हास्य कवि दिवंगत सुरेन्द्र दुबे की फाइल फोटो।

सुप्रसिद्ध कवि सत्यनारायण सत्तन को मिलेगा हास्य रत्न सम्मान कवि सम्मेलन के दौरान सुप्रसिद्ध कवि पं. सत्यनारायण सत्तन इन्दौर को सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में हास्य रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। अजमेर जिले के गुलगांव जैसे छोटे से गांव में पैदा हो कर पूरी दुनियां में अपनी कलम का जादू बिखेरने वाले सुप्रसिद्ध कवि सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में दिए जाने वाले पुरस्कार के रूप में सत्तन को एक लाख 11 हजार 111 रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। संस्थान सचिव डॉ. अविनाश दुबे ने बताया कि चार वर्ष पहले कवि सुरेन्द्र शर्मा, तीन वर्ष पहले गीतकार संतोष आनन्द, दो वर्ष पहले व्यंग्यकार अशोक चक्रधर एवं गत वर्ष कवयित्री डॉ. कीर्ति काले को इस पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।

कमेटियों का किया गठन संस्थान के अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि गत दो साल तक कोरोना गाइडलाइन के चलते काव्य महोत्सव का आयोजन सूक्ष्म तरीके से किया जा रहा था। समिति की बैठक में इस वर्ष काव्य महोत्सव को भव्य तरीके से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए विविध कमेटियों का गठन किया गया। जिसमे सुरेंद्र जोशी, सुभाष भाल, बृजराज शर्मा, रणवीर सिंह सोढ़ी, रामधन प्रजापत, मुकेश जैन, मुकेश शर्मा, ब्रह्मानन्द शर्मा, मनोज कुमार, विजय मूलचंदानी आदि शामिल है।

RELATED ARTICLES