केकड़ी, 15 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने सोमवार को कृषि उपज मंडी में समर्थन मूल्य खरीद केंद्र का जायजा लिया। इस दौरान जाट ने मंडी में आए किसानों से चर्चा की तथा एकजुट रहने के लिए प्रेरित किया। बारदाने के नाम पर ज्यादा तुलाई पर नाराजगी जताते हुए जाट ने नैफेड और सहकारी समिति को किसानों को पैसा वापस करते हुए ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं समर्थन मूल्य पर खरीद मामले में भी केन्द्र सरकार पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले साल सरसों 7700 रुपए क्विंटल में बिक चुकी है। आज एक क्विंटल पर 3 हजार रुपए टूट गए है। राजस्थान सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीलामी बोली आरंभ करने का कानून बना देती तो किसानों को कम से कम एक क्विंटल के 5400 रुपए तो मिल जाते। आज किसान को उससे भी एक हजार रुपए कम मिल रहे है।
केकड़ी: किसानों से चर्चा करते किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट।
खेत को पानी और फसल को दाम रामपाल जाट ने कहा कि सिंचाई योजना से पीने का पानी मिल जाएगा। लेकिन पीने के पानी की योजना से सिंचाई करना असंभव है। उन्होंने कहा कि हमारी एक ही मांग है, हर खेत को पानी व फसल को पूरा दाम मिलना चाहिए। इसके लिए सरकार को विशेष कार्ययोजना तैयार करनी होगी। आगामी चुनावों का हवाला देते हुए रामपाल जाट ने कहा कि जो किसानों के साथ खड़ा होगा किसान उसी को वोट देगा। चुनाव से पहले किसानों को एकजुट करने के लिए जागरूकता अभियान शुरु किया गया है। शुरुआत में जाट समेत अन्य किसानों ने किसान नेता महेन्द्र सिंह टिकैत के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर किसान महापंचायत के जिला अध्यक्ष बालूराम भीचर, प्रदेश मंत्री बत्तीलाल बैरवा, पन्नालाल जाट सराना, सुरेन्द्र भीचर सराना, गिरिराज चौधरी अम्बापुरा, प्रधान चौधरी कसाणा, खुशीराम जाट हरपुरा, छीतर भीचर सराना, रामधन जाट श्रीरामपुरा, राजकुमार चौधरी गुजरवाड़ा, प्रहलाद, रामस्वरूप आदि मौजूद रहे।
किसान नेता जाट ने किया खरीद केन्द्र का दौरा, लगाया सरसों और चने की खरीद में नियमों की अवहेलना का आरोप
