Wednesday, April 30, 2025
Homeक्राइम न्यूजकुएं में धकेल कर युवक की हत्या, पुलिस जुटी जांच में

कुएं में धकेल कर युवक की हत्या, पुलिस जुटी जांच में

केकड़ी, 4 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में भैरू गेट इलाके में चारभुजा कॉलोनी के समीप स्थित कुएं में युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की मां ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए केकड़ी शहर थाना पुलिस में रिपोर्ट दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भैरूगेट निवासी लाला उर्फ विष्णु नायक उम्र 20 वर्ष पुत्र कालू नायक बीती रात वापस अपने घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह परिजन समेत अन्य ने आसपास तलाश की तो विष्णु की चप्पल कुएं में तैरती नजर आई।

मृतक युवक लाला उर्फ विष्णु नायक (फाइल फोटो)

युवक ने दिखाई दिलेरी सूचना पर केकड़ी शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में कुएं के पानी को खाली करवाने का कार्य शुरु करवाया। लगभग 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकला जा सका। इस दौरान भैरूगेट इलाके में रहने वाले अशोक रेगर ने जांबाजी दिखाते हुए रस्से के सहारे कुएं में उतरकर युवक की तलाश में सहयोग किया। इस दौरान वह दो बार कुएं में नीचे उतरा और आखिरकार शव पर रस्सा लपेटने में सफलता हासिल कर ली। बताया जाता है कि लम्बे समय से पानी खाली नहीं होने के कारण कुएं का पानी बदबू मार रहा था। ऐसे में हर व्यक्ति अनहोनी की आशंका से त्रस्त नजर आया। लोगों का मानना था कि कुएं में जहरीली गैस भी हो सकती है। ऐसे में कुएं में उतरना खतरे से खाली नहीं है। शव को कुएं से बाहर निकालने के बाद राजकीय जिला चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचाया गया। जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।
जांबाज युवक अशोक रेगर

दोस्त ने दी मां को सूचना इस संबंध में मृतक की मां सुमित्रा देवी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सोमवार को वह किसी कार्य से बाहर गई हुई थी। रात को विष्णु के दोस्त मीनू प्रजापत ने फोन करके बताया कि विष्णु अभी तक कमरे पर नहीं आया है। उसने यह भी बताया कि शाम को वह गोविंद हरिजन के साथ कुएं के पास बैठकर शराब पीते हुआ देखा गया है। मंगलवार सुबह गोविंद से पूछा तो उसने इस बारे में अनभिज्ञता जताई। आसपास तलाश की तो कुएं में उसकी चप्पल तैरती हुई नजर आई।
केकड़ी: कुएं से युवक का शव बाहर निकालते युवक।

जान से मारने की दे रहा था धमकी बताया जाता है कि पिछले कुछ समय से गोविन्द मृतक लाला को जान से मारने की धमकी दे रहा था। बीती रात उसने शराब का सेवन करने के बाद लाला को मारकर कुएं में डाल दिया। पुलिस ने गोविन्द के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। सूत्रों की माने तो हत्या का कारण अवैध संबंध बताया जा रहा है। थानाधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस हर बिन्दु पर जांच कर रही है। जल्दी ही वास्तविकता का पता लगा लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES