केकड़ी, 26 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी के जिला बनने के बाद रविवार को पहली बार केकड़ी आगमन पर पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. रघु शर्मा का यहां पटेल मैदान में भव्य समारोह आयोजित कर अभूतपूर्व स्वागत किया गया। केकड़ी पहुंचने पर ब्लॉक व नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से सबसे पहले जयपुर रोड स्थित पोकी नाडी चौराहे पर स्वागत किया गया।
खुले वाहन में सवार हुए डॉ. शर्मा केकड़ी की सीमा पर स्वागत के बाद डॉ. रघु शर्मा का काफिला रैली के रूप में समारोह स्थल के लिए रवाना हुआ। रैली में विधायक डॉ. रघु शर्मा, पीसीसी सदस्य सागर शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू समेत अन्य वरिष्ठ कांग्रेसजन खुले वाहन में सवार होकर चल रहे थे।
विभिन्न समाजों ने किया स्वागत इस दौरान गौशाला, कृषि मंडी के बाहर, बाबा की कुटिया, जूनियां गेट, सापण्दा रोड चौराहा, तेलियान मंदिर, खटीकान मंदिर, तीनबत्ती चौराहा व राजपथ मार्ग पर विभिन्न समाजों के प्रतिनिधिमंडल द्वारा डॉ. शर्मा का स्वागत किया गया। कांग्रेस नेता धनेश जैन ने जयपुर रोड स्थित जैनम धर्मकांटा पर डॉ. शर्मा का स्वागत किया।
पटेल मैदान में आयोजित हुआ भव्य समारोह जुलूस के पटेल मैदान पहुंचने पर यहां भव्य समारोह आयोजित किया गया। जिसमे केकड़ी जिला क्षेत्र के प्रत्येक गांव व शहर के लोगों द्वारा नागरिक अभिनंदन किया गया। इस दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों व सदस्यों ने डॉ. शर्मा का माल्यार्पण किया व अभिनन्दन पत्र भेंट किया। वहीं आमजन ने भी पुष्पवर्षा कर अपने लाडले विधायक का स्वागत किया।
जताया मुख्यमंत्री का आभार समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. रघु शर्मा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केकड़ी को जिला बनाना अब तक के इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि है। केकड़ी क्षेत्र की जनता ने 24 घण्टे में 1 लाख 81 हजार लोगों के हस्ताक्षर करवा कर नया इतिहास बनाया है। इसी का प्रभाव रहा कि सरकार को भी जिला बनाने की घोषणा करनी पड़ी।
स्थापित होंगे विकास के नए आयाम डॉ. शर्मा ने कहा कि केकड़ी के जिला बनने से विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। जिला बनने से केकड़ी के लोगों का सिर गौरव से उंचा हो गया है। अब यहां विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। जिला स्तर के सभी कार्यालय तो खुलेंगे ही, साथ ही ऐसे कई बड़े काम भी होंगे, जिनके बारे में केकड़ी की जनता ने कभी सोचा भी नहीं होगा।
इन्होंने भी किया संबोधित इस दौरान युवा नेता व पीसीसी सदस्य सागर शर्मा, राजस्थान फार्मेसी काउंसिल के सदस्य राजेन्द्र भट्ट, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन, कांग्रेस नेता धर्मीचन्द न्याती, पार्षद रतन पंवार सहित अन्य ने भी विचार व्यक्त किए।
ये रहे मौजूद इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, युवा नेता धनेश जैन, वरिष्ठ नेता मोहम्मद सईद नकवी, पार्षद रमाकांत दाधीच सहित कई जने मौजूद रहे। समारोह का संचालन जितेन्द्र सिंघवी ने किया।
केकड़ी आगमन पर डॉ. रघु शर्मा का किया अभूतपूर्व स्वागत, मालाओं से लादा, बिछाए पलक पावड़े
