Site icon Aditya News Network – Kekri News

गुरु ग्रन्थ साहिब के दर्शन करने उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

केकड़ी पहुंची नगर कीर्तन यात्रा में सजी पंज प्यारे की झांकी।

केकड़ी। श्री गुरूनानक देव के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष में कोटा से पुष्कर तक आयोजित नगर कीर्तन यात्रा का शनिवार को केकड़ी आगमन पर कस्बेवासियों ने भव्य स्वागत किया। अजमेर रोड पर यात्रा का स्वागत करने के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े। यात्रासंयोजक जत्थेदार बाबा लक्खा सिंह ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कोटा क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु भव्य शोभायात्रा के साथ तीर्थराज पुष्कर में स्थित गुरुनानक देव जी के गुरुद्वारे में जा रहे है। उन्होंने बताया कि गुरु नानक देव ने सर्व जगत के कल्याण के लिए इस पवित्र धरा पर जन्म लिया सभी प्राणियों को विश्व बन्धुत्व का संदेश दिया, ऐसे गुरु का प्रकाशोत्सव भव्य कार्यक्रमों के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरुनानक देव के जन्म महोत्सव के दिन पुष्कर में मेले का आयोजन होने के कारण इस यात्रा को अब निकाला जा रहा है।

केकड़ी में नगर कीर्तन यात्रा का स्वागत करने उमड़े श्रद्धालु।

इस यात्रा के केकड़ी आगमन पर ग्रन्थ साहिब के दर्शन करने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। कस्बेवासियों ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन यात्रा की अगवानी की। जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल के नारों से गगन गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने सैंकडो वाहनों के भव्य काफिले में आए हजारों यात्रियों का स्वागत किया। काफिले में पंज प्यारे की झांकी आकर्षण का केन्द्र रही। इस मौके पर शंकर होतचन्दानी, प्रदीप होतचन्दानी, पंकज होतचन्दानी, हरीश होतचन्दानी, आनन्द सोमाणी, महेन्द्र प्रधान, सुशील कर्णावट, बलराज मेहरचन्दानी, देवन भगतानी समेत कई श्रद्धालु मौजूद रहे।

Exit mobile version