Site icon Aditya News Network – Kekri News

चारभुजानाथ को धारण कराई चांदी की आकर्षक पोशाक, निकाली भव्य शोभायात्रा

केकड़ी: चारभुजानाथ को धारण कराई गई चांदी की आकर्षक पोशाक।

केकड़ी, 6 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): कस्बे के पुरानी केकड़ी स्थित ग्यारह सौ वर्ष प्राचीन ऐतिहासिक चारभुजा मंदिर में विराजमान भगवान चारभुजा नाथ को मंगलवार को रजत पोशाक धारण कराई गई। चारभुजा नाथ की प्रतिमा के लिए आठ किलो वजन चांदी से यह नई पोशाक बनाई गई है। स्थानीय कुशल कारीगरों ने यह पोशाक 3 माह में बना कर तैयार की है। जलझूलनी एकादशी के शुभ अवसर पर मंगलवार को कस्बे में पोशाक धारण करवाने से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई।

निर्माण कारीगरों व भामाशाहों का किया सम्मान कलशयात्रा घंटाघर स्थित भगवान निर्मलेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई। यात्रा के प्रारंभ में घंटाघर पर पोशाक बनाने वाले कारीगरों का अभिनंदन किया गया। गाजेबाजे के साथ निकाली गई यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए चारभुजा मंदिर पहुंची। जहां भजन कीर्तन व भक्तिभाव के साथ ठाकुर जी को रजत पोशाक धारण कराई गई।

केकड़ी: शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु।

पुष्पवर्षा से किया शोभायात्रा का स्वागत कलश यात्रा के दौरान मार्ग में कस्बेवासियों की ओर से अनेक स्थानों पर पुष्प वर्षा की गई। यात्रा के दौरान ठाकुर जी को पालकी में विराजमान किया गया तथा पोशाक को बग्गी में सजाया गया। श्रद्धालु भगवान चारभुजा नाथ की चरण पादुकाएं अपने सर पर उठाए नाचते गाते, भजन कीर्तन करते चल रहे थे। इस मौके पर चारभुजा नाथ मंदिर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें इस पोशाक को बनाने में सहयोग करने वाले भामाशाहों समेत श्रद्धालुओं का बहुमान किया गया। सुरक्षा व कानून व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए शहर थानाधिकारी सुधीर कुमार उपाध्याय पुलिस जाब्ते के साथ पूरे समय यात्रा के साथ रहे।

यह रहे मौजूद इस दौरान चारभुजा मंदिर प्रबंधन कार्यकरणी समिति के पदेन अध्यक्ष तहसीलदार राहुल पारीक, सचिव अनिल दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी, उपाध्यक्ष श्रवण सिंह राठौड़, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश मूंदड़ा, गिरिराज पाराशर समेत सभी कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष कमलेश साहू, भाजपा नेता राजेंद्र विनायका, कवि बुद्धिप्रकाश दाधीच समेत बड़ी संख्या में महिला पुरुष मौजूद रहे।

Exit mobile version