केकड़ी, 20 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बंजारा मोहल्ला स्थित सिंधी गुरुद्वारा में चल रहे चालीस दिवसीय झूलेलाल चालीहो महोत्सव के दौरान झूलेलाल कथा का आयोजन किया गया। संयोजक राजू भगतानी ने बताया कि चालीहो महोत्सव की शुरुआत गत 16 जुलाई को हुई। बुधवार शाम को सिंधु संस्कृति प्रसार संस्था जयपुर के संस्थापक गोविंद राम “माया” ने झूलेलाल कथा का वांचन किया तथा बच्चों से कथा संबंधी प्रश्न पूछे। प्रश्नोत्तरी में कुल 25 प्रश्न पूछे गए। बच्चों ने 25 में से कुल 24 प्रश्नों का सही जवाब देकर हाथों हाथ आकर्षक पुरस्कार प्राप्त किए। आयोजन में सिंधी भ्रात्री मंडल के अध्यक्ष बलराज मेहरचंदानी, सिन्धी महिला मंडल की ईश्वरी होतचंदानी, सावित्री हरवानी, रेखा पमनानी, भारती सेवकरामानी, मीना बजाज, वर्षा आहूजा, लता पमनानी समेत झूलेलाल मंडली के समस्त सेवादारों ने सहयोग किया।
युवा पीढ़ी को जागरूक करना जरूरी कथा का वांचन करते हुए गोविंद राम “माया” ने कहा कि आजकल के बच्चे धर्म एवं संस्कृति से विमुख होते जा रहे है। उन्हें अपने महापुरूषों की जीवनी के बारे में भी जानकारी नहीं है। युवा पीढ़ी की स्थिति भी कमोबेश यही होती जा रही है। हर आयु वर्ग के युवा, बच्चे, महिलाएं सोशल मीडिया के चंगुल में फंस कर अपना अमूल्य समय बर्बाद कर रहे है। धर्म एवं संस्कृति से दूर हो रही युवा पीढ़ी को जनजागरूकता से ही सही मार्ग पर लाया जा सकता है। इसी उद्देश्य को लेकर कथा के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इसके सार्थक परिणाम सामने आ रहे है।
चालीहो महोत्सव के दौरान सुनाई भगवान झूलेलाल की कथा, बच्चों ने दिखाया प्रश्नोत्तरी में उत्साह
