केकड़ी, 23 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन गुरुवार को उन्दरी, गोविन्दपुरा, देवपुरा, शंकरपुरा, मोड़ी, जसवन्तपुरा, नाडी, सावर, बनेडिया, आमली खेड़ा, आमली, लोधा का झोपड़ा, चीकल्या, गोरधा, शोक्या का खेड़ा व कीड़वों का झोपड़ा आदि गांवों का दौरा किया तथा भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। जनसम्पर्क के दौरान ग्रामीणों ने शत्रुघ्न गौतम का माल्यार्पण एवं साफा बंधवाकर अभिनन्दन किया। कई जगह पर युवा कार्यकर्ताओं ने जेसीबी पर चढ़कर पुष्पवर्षा की तथा शत्रुघ्न गौतम को फल व गुड़ से तौला।
सरकार पर बोला हमला चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए शत्रुघ्न गौतम ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन मे आमजन का भला होने के बजाए कांग्रेसी नेताओं का भला हुआ है। पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। राजस्थान महिला अत्याचार के मामले में देश की राजधानी बना हुआ है। युवाओं को रोजगार नसीब नहीं हुआ। अठारह बार पेपर लीक की घटनाएं हुई, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद हो गया। कर्जा माफी के नाम पर प्रदेश के किसानों को झूठे सब्जबाग दिखाए गए।
प्रदेश के विकास को लगा ग्रहण गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान के विकास को ग्रहण लगा दिया। कुल मिलाकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। कांग्रेस के कुशासन का अंत करने का समय आ गया है। इसके लिए आगामी 25 नवम्बर को अधिकाधिक मतदान कर भाजपा को भारी बहुमत से विजय बनाना होगा। जनसम्पर्क प्रभारी अश्विनी शर्मा ने बताया कि शत्रुघ्न गौतम शुक्रवार को केकड़ी शहर में जनसम्पर्क कर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।
