केकड़ी, 07 सितम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी जिले के भिनाय थाना क्षेत्र के ग्राम खायड़ा में फार्म पोण्ड में डूबने से मां—बेटे की मौत हो गई। सूचना पर भिनाय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को भिनाय स्थित राजकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार खायड़ा निवासी पप्पू जाट की पत्नी बदामी देवी जाट सूर्यदेव सिंह चारण के खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान उसका आठ वर्षीय पुत्र लोकेश व 6 वर्षीय पुत्री प्रियंका भी उसके साथ थे। खेलते समय पैर फिसलने से लोकेश फॉर्म पोण्ड में जा गिरा। बेटे को पानी डूबता देख मां दौड़ती हुई आई और पानी में कूद गई।
रोने की आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीण मां ने पानी में डूब रहे अपने जिगर के टुकड़े को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह नाकामयाब रही और बेटे को बचाने के प्रयास में खुद भी डूब गई। मां व भाई को डूबता देख वहां मौजूद प्रियंका जोर जोर से रोने लगी। प्रियंका के रोने की आवाज सुनकर पास के खेत में काम कर रहे हेमराज कुम्हार व आशाराम जाट मौके पर पहुंचे और प्रियंका से रोने का कारण पूछा। दोनों किसानों ने मां को फार्म पोण्ड से बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। वहीं लोकेश के गहरे पानी में चले जाने के कारण उसका कहीं पता नहीं चला।
मौके पर जमा हुए ग्रामीण घटना का पता चलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिवारजनों का रो—रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर भिनाय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से लोकेश की तलाश शुरु की। थोड़ी देर बाद ग्रामीणों ने लोकेश का शव गहरे पानी से बाहर निकाल दिया। पुलिस ने दोनों शव भिनाय स्थित राजकीय अस्पताल पहुंचाए। जहां पंचनामा पोस्टमार्टम आदि के बाद दोनों शव परिजन के सुपुर्द कर दिए गए। पुलिस ने पप्पू जाट की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।