Wednesday, April 30, 2025
Homeशासन प्रशासनजिला बनने के साथ ही तरक्की पत्र पर लगी मुहर, रघु शर्मा...

जिला बनने के साथ ही तरक्की पत्र पर लगी मुहर, रघु शर्मा बोले—जनभावना का हुआ सम्मान, मुख्यमंत्री ने रखा केकड़ी का मान…

केकड़ी, 07 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जिला केकड़ी का स्थापना दिवस समारोह सोमवार को हजारों लोगों की साक्षी में पटेल मैदान पर आयोजित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए खान मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से सबसे बड़ा राज्य होने के कारण राजस्थान में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की आवश्यकता लम्बे समय से महसूस हो रही थी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने क्रांतिकारी निर्णय करते हुए एक साथ 19 नए जिले व 3 नए संभाग बना कर ऐतिहासिक कार्य किया है।
केकड़ी: जिला स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते डॉ. रघु शर्मा।

केकड़ी को जिला बनाना सबसे बड़ी उपलब्धि समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केकड़ी को जिला बनाना अब तक के इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि है। केकड़ी के जिला बनने से क्षेत्र की तरक्की के पत्र पर मुहर लग गई है। अब यहां प्रशासनिक, कानून व न्यायिक व्यवस्था और अधिक मजबूती से काम कर सकेगी। जिससे नए विकास कार्य परवान चढ़ेंगे। रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और प्रगति को नई गति मिलेगी। केकड़ी के जिला बनने से विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।
केकड़ी: जिला स्थापना दिवस समारोह में मंचासीन विभिन्न समाजों के धर्मगुरु।

गर्व से उंचा हुआ सिर शर्मा ने कहा कि जिला बनने से केकड़ी के लोगों का सिर गर्व से उंचा हो गया है। अब यहां विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। जिला स्तर के सभी कार्यालय तो खुलेंगे ही, साथ ही ऐसे कई बड़े काम भी होंगे, जिनके बारे में केकड़ी की जनता ने कभी सोचा भी नहीं होगा। केकड़ी में अब तक हुए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों का बखान करते हुए शर्मा ने कहा कि सरकार ने लगातार विकास कार्य किए हैं। गरीब व्यक्ति को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई गई। इससे आमजन का जीवन स्तर सुधरा है।
केकड़ी: जिला स्थापना दिवस समारोह में मंचासीन अतिथि एवं जनप्रतिनिधिगण।

मेडिकल कॉलेज खुलवाना पहली प्राथमिकता शर्मा ने कहा कि कांग्रेस शासन में केकड़ी का विकास तीव्र गति से हुआ है। केकड़ी के अजमेरी गेट स्थित पुराने अस्पताल से शुरू हुआ सफर आज जिला चिकित्सालय के रूप में मंजिल तक पहुंचा है। यह सफर यहीं तक नहीं रुकने वाला है। यहां मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में प्रत्येक 3 किलोमीटर पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। शिक्षा में भी कृषि महाविद्यालय, होम्योपैथिक महाविद्यालय जैसे कार्य किए गए है। नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बराबर विकास कार्य कराने का लक्ष्य रखा गया है। यह कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
केकड़ी: जिला स्थापना दिवस समारोह से पहले पूजा अर्चना करते शर्मा एवं अन्य।

बदली केकड़ी की तस्वीर समारोह को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य एवं युवा नेता सागर शर्मा ने कहा कि पन्द्रह साल पहले केकड़ी पिछड़े इलाकों में शुमार होता था। आज केकड़ी की तस्वीर बदल चुकी है। केकड़ी के सर्वांगीण विकास का श्रेय डॉ. रघु शर्मा को जाता है। केकड़ी को उंचाईयों पर ले जाने के लिए शर्मा ने अथक प्रयास किए है। शर्मा के नेतृत्व में केकड़ी में चिकित्सा, शिक्षा, सड़क, पेयजल आदि का आधारभूत ढांचा मजबूत हुआ है। प्रदेश में केकड़ी नया मुकाम हासिल कर चुका है।
केकड़ी: जिला स्थापना दिवस समारोह से पहले हवन यज्ञ में आहूतियां देते शर्मा एवं अन्य।

पूजा अर्चना से हुई समारोह की शुरुआत समारोह की शुरुआत से पहले डॉ. रघु शर्मा एवं पीसीसी सदस्य सागर शर्मा समेत अन्य ने पूजा अर्चना की। पंडित परमेश्वर मिश्र ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना कराई। भजन गायक सालिगराम वैष्णव ने सर्वधर्म भजन प्रस्तुत किए। समारोह में विभिन्न समाजों के धर्मगुरु शंभूदास महाराज, वैष्णव दास महाराज, महन्त कैलाश दास महाराज, साइमन मॉरिस पादरी आदि मौजूद रहे। शुरुआत में अतिथियों ने धर्मगुरुओं का माल्यार्पण व शाल ओढ़ाकर स्वागत किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा वीसी के जरिए किया गया जिला केकड़ी के शिलापट्ट का लोकार्पण।

जनभावना के सम्मान का दिन वीसी के जरिए समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज जन भावना के सम्मान का दिन है। इससे सरकार के प्रशासनिक कार्य सुविधाजनक होंगे। नए 3 संभाग और 19 जिले बनना एक शुरुआत मात्र है। राजस्थान की पहचान रेगिस्तान से हटकर जन कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने वाले राज्य के रूप में होने लगी है। यह राजस्थान का दमखम है कि कई क्षेत्रों में अग्रणी है। राजस्थान 2030 में सबसे अग्रणी राज्य होने की मंशा के साथ आगे बढ़ रहा है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान गहलोत ने बटन दबाकर नवगठित केकड़ी जिले के शिलापट्ट का अनावरण किया।
केकड़ी: जिला स्थापना दिवस समारोह से पहले चर्चा करते जिला कलक्टर खजान सिंह, पुलिस अधीक्षक राजकुमार गुप्ता एवं उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली।

अधिसूचना का किया पठन शुरुआत में जिला कलक्टर खजान सिंह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना का पठन किया। इसके बाद वीसी के जरिए राजस्व मंत्री रामलाल जाट, मुख्य सचिव उषा शर्मा, जिला बनाने के लिए गठित कमेटी के अध्यक्ष रामलुभाया का उद्बोधन हुआ। इस दौरान पूर्व संसदीय सचिव ब्रह्मदेव कुमावत, टोडारायसिंह के पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण सैनी सहित अन्य ने भी विचार व्यक्त किए। उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली ने आभार जताया। समारोह को लेकर आमजन में विशेष उत्साह नजर आया। लोग नाचते गाते समारोह स्थल पर पहुंचे। अलगोजा पार्टी के कलाकारों ने लोक धुनों पर सुमधुर गीतों की प्रस्तुति देकर लोगों को मदमस्त कर दिया।
केकड़ी: जिला स्थापना दिवस समारोह में लोकगीतों की प्रस्तुति देती अलगोजा पार्टी।

ये रहे मंचासीन इस मौके पर पुलिस अधीक्षक राजकुमार गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य, सावर उपखण्ड अधिकारी छत्रपाल चौधरी, राजस्थान फार्मेसी काउंसिल के सदस्य राजेन्द्र भट्ट, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन, केकड़ी पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, सरवाड़ पालिका अध्यक्ष छगनकंवर राठौड़, अजमेर उप जिला प्रमुख हगामीलाल चौधरी, भिनाय प्रधान सम्पतराज लोढ़ा, सावर पालिका अध्यक्ष विश्वजीत सिंह शक्तावत समेत अनेक जने मंचासीन रहे।
केकड़ी: जिला स्थापना दिवस समारोह में उमड़ा जनसैलाब।

ये रहे मौजूद इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद सईद नकवी, कांग्रेस नेता धर्मीचन्द न्याती, युवा नेता धनेश जैन, पार्षद रमाकांत दाधीच, रतन पंवार, अधिशासी अधिकारी बसंत कुमार सैनी सहित केकड़ी जिले के केकड़ी, सरवाड़, सावर, भिनाय व टोडारायसिंह उपखण्ड के आमजन, अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन वर्तिका शर्मा व बिहारीदान चारण ने किया।
केकड़ी: जिला कलक्टर खजान सिंह के कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन करते अतिथिगण।

फीता काटकर किया उद्घाटन जिला स्थापना दिवस समारोह के बाद खान मंत्री प्रमोद जैन भाया, पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा एवं अन्य अतिथियों ने नगर पालिका परिसर में स्थापित जिला कलक्टर कार्यालय एवं अजमेर रोड स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का फीता काटकर विधिवत रूप से उद्घाटन किया। अतिथियों ने जिला कलक्टर खजान सिंह एवं पुलिस अधीक्षक राजकुमार गुप्ता का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा कुर्सी पर बैठाकर कार्यालयों की विधिवत शुरुआत करवाई। इस मौके पर उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य, पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, अधिशासी अधिकारी बसंत कुमार सैनी सहित कई जने मौजूद रहे।
केकड़ी: पुलिस अधीक्षक राजकुमार गुप्ता का स्वागत करते अतिथिगण।

RELATED ARTICLES