Wednesday, April 30, 2025
Homeराजनीतिजीर्णोद्धार के बाद निखर कर सामने आया छोटे तालाब का स्वरूप, रघु...

जीर्णोद्धार के बाद निखर कर सामने आया छोटे तालाब का स्वरूप, रघु शर्मा बोले— पालिका ने जो कहा वह करके दिखाया

केकड़ी, 13 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि विकास के लिए विजन की जरूरत होती है। छोटे तालाब का स्वरूप निखार कर केकड़ी नगर पालिका के कांग्रेस बोर्ड ने यह साबित कर दिया है कि उनके पास विकास का विजन भी है और काम करवाने की इच्छाशक्ति भी है। वे रविवार को सरदार पटेल सरोवर (छोटा तालाब) को जीर्णोद्धार के बाद आमजन को समर्पित करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले जहां गंदगी व बदबू का आलम था। वह जगह आज टूरिस्ट स्पॉट में तब्दील हो चुकी है। यह बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि जिला बनने के बाद केकड़ी के विकास में तेजी आई है। नगर पालिका को जल्दी ही नगर परिषद का दर्जा मिलने वाला है। दर्जा बढ़ने पर फण्ड भी बढ़ेंगे तथा विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
केकड़ी: सरदार पटेल सरोवर (छोटा तालाब) के शिलालेख का अनावरण करते डॉ. रघु शर्मा एवं अन्य।

लिखी जा रही है विकास की नई इबारत शर्मा ने आने वाले दिनों में क्षेत्र में शुरु होने वाली नवीन योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले की स्थापना के बाद से ही नित प्रतिदिन नई—नई घोषणाएं हो रही है। विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे है। अजमेर रोड पर मिनी सचिवालय एवं सिविल लाइन्स के लिए राज्य सरकार द्वारा 200 बीघा जमीन स्वीकृत हो चुकी है। बजट आते ही इसका कार्य शुरु कर दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास की इसी गति को बरकरार रखते हुए केकड़ी आने वाले वर्षों में प्रदेश के प्रमुख जिलों में शुमार होगा। शुरुआत में शर्मा ने फीता काटकर एवं शिलालेख का अनावरण कर सरदार पटेल सरोवर का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने 5.09 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 3.50 करोड़ रुपए के के विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।
केकड़ी: सरदार पटेल सरोवर (छोटा तालाब) के लोकार्पण समारोह में मंचासीन डॉ. रघु शर्मा एवं अन्य।

ये रहे मौजूद इस मौके पर जिला कलक्टर खजान सिंह, पुलिस अधीक्षक राजकुमार गुप्ता, युवा नेता व पीसीसी सदस्य सागर शर्मा, राजस्थान फार्मेसी काउंसिल के सदस्य राजेन्द्र भट्ट, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन, केकड़ी पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली, पुलिस उप अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत समेत अनेक अतिथि मंचासीन रहे। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद सईद नकवी, कांग्रेस नेता धर्मीचन्द न्याती, युवा नेता धनेश जैन, पार्षद रमाकांत दाधीच, अधिशासी अधिकारी बसंत कुमार सैनी सहित आमजन, अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन एस.एन.न्याती ने किया।
केकड़ी: सरदार पटेल सरोवर (छोटा तालाब) के लोकार्पण समारोह में मौजूद आमजन।

नजर आ रही है अलग छटा पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू एवं अधिशासी अधिकारी बसंत कुमार सैनी ने बताया कि सरदार पटेल सरोवर के जीर्णोद्धार के लिए पालिका ने 307.78 लाख रुपए खर्च किए गए है। यहां सरोवर के बीचों बीच म्यूजिकल फाउण्टेन लगाया गया है। जो मधुर संगीत व रंग बिरंगी रोशनी के बीच अलग ही छटा बिखेर रहा है। सरोवर के चारों तरफ पाथवे बनाया गया है। सरोवर में भरे पानी को स्वच्छ रखने के लिए इसमे एयरोमीटर लगाए जा रहे है। छोटे बच्चों के मनोरंजन के लिए परिसर में झूले, चकरी व फिसलपट्टी आदि लगाई गई है। पाथवे के समीप 101 फीट ऊंचा तिरंगा लगाया गया है। जो यहां आने वाले लोगों को हमारे देश की आन, बान व शान से भी रूबरू कराएगा।

RELATED ARTICLES