केकड़ी, 16 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा शनिवार को केकड़ी क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने मीणों का नयागांव में प्रसिद्ध भगवान देवनारायण मंदिर के दर्शन कर प्रदेश में खुशहाली की कामना की। उन्होंने भगवान देवनारायण की परिक्रमा भी की। मीणों का नयागांव आगमन पर मीणा का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान डीजे की धुन पर लोग नाचते गाते चल रहे थे। चार जेसीबी से पुष्प वर्षा कर डॉ. मीणा का स्वागत किया गया। इस दौरान मीणों का नयागांव में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा।
केकड़ी: मीणों का नयागांव में आमसभा को संबोधित करते राज्यसभा सांद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा।
मुख्यमंत्री पर साधा निशाना राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व उनके सारे मंत्री, विधायक भ्रष्टाचारी हैं, दुराचारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत ने जमकर काला धन कमाया है। जमकर भ्रष्टाचार किया है। काले धन को मॉरीशस के जरिए सफेद किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा को भी आड़े हाथों लिया। बजरी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि गांव के गरीबों पर अत्याचार बंद किए जाए। अन्यथा वे खुद यहां पर आकर धरना देंगे।
केकड़ी: राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के आगमन पर उमड़ा जन सैलाब।
मोदी ने बढ़ाई देश की शान मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पूरे विश्व में भारत की शान बढ़ाई है। मोदी की वजह से आज चंद्रयान से लेकर जी-20 सम्मेलन तक में भारत का कीर्तिमान स्थापित हुआ है। प्रदेश व देश के विकास के लिए मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को विजयी बनाना होगा। इस मौके पर जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, पूर्व संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौतम, भाजपा नेता मिथिलेश गौतम, पूर्व सरपंच सूरज करण मीणा, पूर्व सरपंच कालूराम मीणा, पर्वतराज मीणा, देवनारायण विकास समिति के अध्यक्ष गजानंद मीणा, सत्यनारायण गुर्जर, कालूराम मीणा सहित कई लोग मौजूद थे।