Thursday, April 17, 2025
Homeदेशढोला मारू के विवाह का साक्षी है बघेरा का ऐतिहासिक तोरण द्वार

ढोला मारू के विवाह का साक्षी है बघेरा का ऐतिहासिक तोरण द्वार

केकड़ी. नीरज जैन लोढ़ा‘ (आदित्य न्यूज नेटवर्क) राजस्थान की धरती शौर्य के साथ प्रेम और बलिदान की गाथाओं से भरी है। राजस्थान की वीर प्रसूता धरा में ऐसी अनेकों कहानियां बिखरी पड़ी है। प्रेमी युगल ढोला मारू के प्रेम और समर्पण की कथा भी एक ऐसी ही कथा है। जो गाहे बगाहे लोगों की जुबान पर आती रहती है। ढोला मारू की कहानी राजस्थानी लोक गीतों और किंवदंतियों के साथ आज भी युवाओं के हृदय को तरंगित कर देती है। एक किंवंदती के अनुसार ढोला मारू का विवाह अजमेर जिले के बघेरा गांव में हुआ था। जहां आज भी पत्थर (पाषाण) का तोरण द्वार उनके प्रेम का मूक साक्षी है। केकड़ी उपखण्ड में स्थित बघेरा ऐतिहासिक एवं पौराणिक कथाओं को समेटे हुए है।

बघेरा का ऐतिहासिक तोरण द्वार।

ग्यारह सौ साल पुराना है तोरण द्वार बताया जाता है कि रेतीले धोरों में उपजे प्रेम को ढोला मारू ने बघेरा में ही परिणय के अटूट बंधन के रंग में रंगा था। बघेरा गांव के मध्य में स्थित पाषाण का तोरण द्वार उनके प्रेम के साक्षी के रूप में विद्यमान है। करीब ग्यारह सौ साल पुराने इस तोरण द्वार पर अजंता-एलोरा की तरह ढोला मारू सहित कई तरह की मूर्तियां उकेरी गई है। तोरण द्वार का पत्थर भी नजदीकी गांव घटियाली का काम में लिया गया था। बताते हैं कि तोरण मारने की रस्म व विवाह बंधन में बंधने के समय भोजन के दौरान 72 मण (2280 किग्रा) लाल मिर्च का उपयोग हुआ था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि ढोला मारू की शादी में कितने लोगों ने भोजन किया होगा। औसतन एक किग्रा सब्जी में 20 ग्राम लाल मिर्च डाली जाती है।

ढोला मारूएक राजस्थानी प्रेम कथा आठवीं सदी की इस घटना का नायक ढोला राजस्थान में आज भी एक प्रेमी नायक के रूप में याद किया जाता है। लोक गीतों में महिलाएं अपने प्रियतम को ढोला के नाम से संबोधित करती है। इस प्रेमाख्यान का नायक ढोला नरवर के राजा नल का पुत्र था। जिसे इतिहास में ढोला व साल्हकुमार के नाम से जाना जाता है। ढोला का विवाह बीकानेर के पूंगल नामक ठिकाने के स्वामी पंवार राजा पिंगल की पुत्री मारवणी के साथ हुआ था। उस वक्त ढोला तीन वर्ष का तथा मारवणी मात्र डेढ़ वर्ष की थी, इसीलिए शादी के बाद मारवणी को ढोला के साथ नरवर नहीं भेजा गया। बड़े होने पर ढोला की एक और शादी मालवणी के साथ हो गई। बचपन की शादी ढोला भूल गया। मारवणी प्रौढ़ हुई तो पिता ने ढोला को नरवर संदेश भेजा। दूसरी रानी मालवणी को ढोला की पहली शादी का पता चल गया। मारवणी जैसी बेहद खूबसूरत राजकुमारी कोई और न हो इस ईर्ष्या के चलते राजा पिंगल तक कोई भी संदेश नहीं पहुंचने दिया। वह संदेश वाहक को ही मरवा डालती।

मारू से मिलने ऊंट पर सवार होकर आया ढोला उधर मारवणी को स्वप्न में प्रियतम ढोला के दर्शन हुए और वह वियोग में चलती रही। बाद में पिता पिंगल ने चतुर ढोली को नरवर भेजा और गाने के माध्यम से ढोला को याद दिलाया। मारवणी ने ढोली को मारू राग में दोहे बनाकर दिए। बाद में संदेशवाहक ढोली ने मल्हार राग में गाना शुरू किया। ऐसे सुहाने मौसम में ढोली की मल्हार राग का मधुर संगीत ढोला के कानों में गूंजने लगा और ढोला फन उठाए नाग की भांति राग पर झूमने लगा। तब ढोली ने गाया ‘ढोला नरवर सेरियां, धण पूंगल गळीयां’ आखडिया डंबर भई-नयण गमाया रोय, क्यूँ साजण परदेस में, रह्या बिंडाणा होय। आंखें लाल हो गयी है ए रो रो कर नयन गँवा दिए है, साजन परदेस में क्यों पराया हो गया है। इसके बाद ढोला ऊंट पर सवार होकर मारू से मिलने के लिए रवाना हो गया।

RELATED ARTICLES