Thursday, March 13, 2025
Homeराजनीतितीन नवम्बर को नामांकन दाखिल करेंगे शत्रुघ्न गौतम, तैयारियों में जुटे नेता

तीन नवम्बर को नामांकन दाखिल करेंगे शत्रुघ्न गौतम, तैयारियों में जुटे नेता

केकड़ी, 01 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम तीन नवम्बर को नामांकन दाखिल करेंगे। हरियाणा सरकार पर्यटन बोर्ड के चेयरमेन एवं अजमेर जिला देहात चुनाव प्रभारी अरविन्द यादव ने बुधवार को प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि नामांकन दाखिल करने से पहले पटेल मैदान में विशाल आमसभा आयोजित की जाएगी। आमसभा में शामिल आमजन व भाजपा कार्यकर्ता रैली के रूप में उपखण्ड कार्यालय पहुंचेंगे। जहां नामजदगी का पर्चा दाखिल किया जाएगा। इस दौरान भाजपा के प्रदेश स्तरीय कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे। प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि भाजपा एक संगठित परिवार है, जो मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहा है।

एकजुट है पूरी पार्टी एकजुटता के सवाल पर अरविन्द यादव ने कहा कि कुछ लोग भ्रांतियां फैला रहे है कि केकड़ी में भाजपा एकजुट नहीं है। मगर हकीकत में पूरी पार्टी एकजुट है। भारतीय जनता पार्टी अनुशासित पार्टी है। टिकट के दावेदार रहे सभी नेता एकजुट होकर पार्टी के लिए कार्य कर रहे है। गौरतलब है कि टिकट की घोषणा के बाद से ही पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे राजेन्द्र विनायका एवं पूर्व प्रधान भूपेन्द्र सिंह के रूठे होने तथा बगावती तेवर अपनाने के समाचार सुरसुरी बने हुए थे। मगर दोनों ने प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा को एकजुट बताते हुए सभी खबरों पर विराम लगा दिया।

ये रहे मौजूद इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व विधायक एवं केकड़ी प्रवासी अर्जुन सिंह ठाकुर, पंचायत समिति प्रधान होनहार सिंह राठौड़, देहात जिला महामंत्री रायचन्द बागड़ी, देहात जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण चौधरी व महेन्द्र सिंह मझेवला, देहात जिला मंत्री रामकिशन गुर्जर, वरिष्ठ भाजपा नेता वीरभद्र सिंह बघेरा, सदारा सरपंच व भाजपा नेता गोविन्द जैन, मण्डल अध्यक्ष अनिल राठी, आईटी संयोजक महेश बोयत, विस्तारक नरेश योगी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व प्रधान रिंकू कंवर राठौड़ ने पुलिस प्रशासन पर भाजपा कार्यकर्ताओं को जबरन परेशान करने का आरोप लगाया।

RELATED ARTICLES