केकड़ी, 18 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): इस साल दीपावाली महापर्व के अगले दिन सूर्य ग्रहण का साया रहेगा। ऐसे में गोवर्धन पूजा दीपावली के दूसरे दिन के बजाए तीसरे दिन होगी। ऐसा योग 27 साल बाद बना है। इस बार प्रकाश और सुख-समृद्धि का महापर्व दीपावली 24 अक्टूबर 2022 सोमवार को है। हिंदू धर्म में दिवाली सबसे प्रमुख त्योहारों में मानी जाती है। इस दिन मां लक्ष्मी, भगवान कुबेर और गणेश जी की विशेष पूजा-आराधना की जाती है।
धनतेरस से शुरु होगा पंच दिवसीय महोत्सव दीपावली का पंच दिवसीय महोत्सव 22 अक्तूबर को धनतेरस के साथ शुरू होगा। 23 अक्टूबर को रूप चौदस एवं 24 अक्टूबर को दिवाली मनाई जाएगी। 25 अक्तूबर को आंशिक सूर्यग्रहण लगेगा। धार्मिक नजरिए से ग्रहण को अशुभ माना गया है और ग्रहण में किसी भी तरह का शुभ काम और पूजा-पाठ वर्जित हो जाता है। इस कारण से इस दिन कोई त्योहार नहीं मनाया जाएगा। ऐसे में गोवर्धन पूजा एक दिन के लिए टल गई है। गोवर्धन पूजा 26 अक्टूबर को एवं भाई दूज का पर्व 27 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
विभिन्न हिस्सों में दिखेगा ग्रहण का नजारा खगोल वैज्ञानिकों के अनुसार सूर्य ग्रहण 25 अक्टूबर को देश के उत्तरी और पश्चिमी भागों में दिखाई देगा। वहीं भारत के अलावा दूसरे देशों की बात करें तो यह सूर्य ग्रहण यूरोप, उत्तरी अफ्रीका और पश्चिम-पूर्व एशिया में देखा जा सकेगा। दिवाली के अगले दिन बाद अमावस्या तिथि पर लगने वाला सूर्य ग्रहण शाम साढ़े 4 बजे चरम पर रहेगा। इस समय देश के विभिन्न हिस्सों में दिखाई देना शुरू हो जाएगा। यह ग्रहण दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, लेह, जम्मू-श्रीनगर में अच्छे से देखा जा सकेगा।
ग्रहण का है खास महत्व धार्मिक और खगोलीय नजरिए से ग्रहण का बहुत ही खास महत्व होता है। हिंदू पंचांग के अनुसार अमावस्या तिथि पर लगने वाला सूर्य ग्रहण तब होता है जब सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी तीनों लगभग एक ही सीध में आ जाते हैं। इस घटना को सूर्य ग्रहण कहा जाता है। इस बार दिवाली के अगले दिन यानी 25 अक्तूबर को सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी तीनों एक लाइन में होंगे। ऐसे में चंद्रमा कुछ देर के लिए सूर्य को आंशिक रूप से ढक लेता है।
दीपावली पर रहेगा ग्रहण का साया, तीसरे दिन होगी गोवर्धन पूजा
