केकड़ी, 21 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां सदर बाजार में सांवरिया शूज की गली स्थित नारियल के गोदाम में शनिवार रात को भीषण आग लग गई। आग से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्ञानचंद बोरदिया का यहां आवासीय मकान है। मकान के नीचे वाली दुकानों में उन्होंने गोदाम बना रखे हैं। जिसमें नारियल व झाडू आदि भरे हुए हैं। शनिवार रात को लगभग 9:30 बजे अज्ञात कारणों के चलते झाड़ू वाले गोदाम में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। वहां से गुजर रहे लोगों को खिड़की व रोशनदान से धुआ निकलता दिखा।
आग बुझाने का कार्य जारी घटना का पता चलने पर दुकान मालिक मौके पर पहुंचा। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस व दमकल को दी गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद केकड़ी नगर परिषद की दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम में आग लगने के बाद पूरे क्षेत्र में जहरीला धुआं फैल गया। वहीं पूरे इलाके में अफरा तफरी का माहौल हो गया। सूचना पर केकड़ी शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
