Wednesday, April 30, 2025
Homeसामाजिकपरिणय सूत्र बंधन में बंधे सर्व हिन्दू समाज के 15 जोड़े, भारत...

परिणय सूत्र बंधन में बंधे सर्व हिन्दू समाज के 15 जोड़े, भारत विकास परिषद ने पेश की सामाजिक समरसता की मिसाल

केकड़ी, 26 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी द्वारा रविवार को सामाजिक समरसता एवं सेवा प्रकल्प के तहत 15 जोड़ों का नि:शुल्क सर्व हिंदू समाज सरल सामूहिक विवाह सम्मेलन अजमेर रोड स्थित कटारिया ग्रीन्स में आयोजित किया गया। संयोजक रामगोपाल सैनी ने बताया कि सुबह भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जो कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस कटारिया ग्रीन्स पहुंची। जहां सामूहिक तोरण की रस्म अदा की गई। शोभायात्रा में भारत माता की आकर्षक झांकी सजाई गई तथा सभी दूल्हों को घोड़ी पर एवं दुल्हनों को बग्घी में बैठाया गया। कस्बेवासियों ने पुष्पवर्षा के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया।

वर वधुओं को दिया विवाह का प्रमाण पत्र शाखा अध्यक्ष कैलाश जैन ने बताया की शोभायात्रा के बाद आशीर्वाद एवं भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन किया। शुरुआत में अतिथियों ने मां भारती एवं स्वामी विवेकान्नद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन किया। मंच पर सामूहिक वरमाला का आयोजन हुआ। अतिथियों ने वर वधुओं को विवाह का प्रमाण पत्र प्रदान किया। आशीर्वाद समारोह में भाविप के राष्ट्रीय मंत्री मालचन्द गर्ग मुख्य अतिथि एवं समग्र ग्राम विकास के राष्ट्रीय चेयरमैन मुकुन सिंह राठौड़, पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, राजस्थान फार्मेसी काउंसिल के सदस्य राजेन्द्र भट्ट, नगर कांग्रेस अध्यक्ष हेमन्त जैन, समाजसेवी भंवर फतहपुरिया, भाविप के प्रान्तीय अध्यक्ष पारसमल बोहरा, प्रान्तीय महासचिव गोविन्द अग्रवाल व प्रान्तीय विवाह संयोजक दिनेश शारदा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मंत्रोच्चार के साथ कराए सामूहिक फेरे शुरुआत में परिषद सदस्यों ने अतिथियों का तिलक, उपरना व स्मृति चिन्ह देकर अभिनन्दन किया। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन गरीब व जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित होते है। ऐसे आयोजनों से जहां समाज में व्याप्त कुरीतियों से निजात मिलती है, वहीं सामाजिक समरसता का संचार होता है। संचालन रामधन प्रजापति ने किया। आशीर्वाद समारोह के बाद पंडित रामचरण शास्त्री के निर्देशन में 15 जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार करवाया गया। विदाई के समय दूल्हों के पिता का साफा बंधवाकर अभिनन्दन किया गया। परिषद की ओर से वर वधु को घरेलु सामान आदि उपहार में दिए गए। आयोजन में भारत विकास परिषद के सभी सदस्यों ने सराहनीय सहयोग किया। सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान आयोजन स्थल पर मेले जैसा नजारा नजर आया।

RELATED ARTICLES