Site icon Aditya News Network – Kekri News

परिवर्तन संकल्प यात्रा की तैयारियों में नजर आया जोश, उत्साह से जुटे है भाजपा कार्यकर्ता

केकड़ी, 12 सितम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में निकाली जा रही भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन संकल्प यात्रा बुधवार को केकड़ी पहुंचेगी। भाजपा के विधानसभा मीडिया संयोजक रामबाबू सागरिया ने बताया कि केकड़ी शहर में यात्रा का स्वागत ब्यावर रोड पर केकड़ाधीश बालाजी मंदिर के मुख्य द्वार पर किया जाएगा। यहां से विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी। जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आमसभा स्थल घण्टाघर चौराहा पहुंचेगी। इस दौरान विभिन्न संगठनों व नगरवासियों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। आमसभा को केन्द्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह समेत कई बड़े नेता संबोधित करेंगे। यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रमुख पदाधिकारियों की बैठकों को दौर शुरु हो चुका है। आमसभा में ज्यादा से ज्यादा लोगों को शामिल करने के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र में जनसम्पर्क अभियान शुरु किया गया है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, बूथ अध्यक्षों, शक्ति केन्द्र प्रभारियों व संयोजकों को जिम्मेदारियां दी गई है।

केकड़ी में होगा यात्रा का रात्रि विश्राम केकड़ी में रात्रि विश्राम करने के बाद परिवर्तन संकल्प यात्रा अगले दिन यानि गुरुवार को सरवाड़ के लिए रवाना होगी। जिसका नेतृत्व महाराष्ट्र सरकार के उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस करेंगे। वे सुबह 11:30 बजे हेलीकॉप्टर से अजमेर रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय में बनाए गए अस्थाई हेलीपैड पर उतरेंगे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों द्वारा फडणवीस का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे यहां से परिवर्तन संकल्प यात्रा के रथ पर सवार होकर सरवाड़ के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां गांधी चौक में आमसभा का आयोजन किया जाएगा।

Exit mobile version