Wednesday, April 30, 2025
Homeशासन प्रशासनपुलिस सम्पर्क सभा: एसपी बोले- जिले में हो बेहतर पुलिसिंग, बढ़े आमजन...

पुलिस सम्पर्क सभा: एसपी बोले- जिले में हो बेहतर पुलिसिंग, बढ़े आमजन में विश्वास

केकड़ी, 17 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार गुरुवार को पुलिस अधीक्षक राज कुमार गुप्ता ने नगर पालिका सभागार में पुलिस जवानों की सम्पर्क सभा ली। सम्पर्क सभा में जवानों को राजस्थान सरकार द्वारा हैड कानिस्टेबल से लेकर पुलिस निरीक्षक तक की पदोन्नति प्रक्रिया से लिखित परीक्षा को हटाकर वरीयता के आधार पर विभागीय पदोन्नति समिति द्वारा पदोन्नति दिए जाने की घोषणा की जानकारी दी गई। साथ ही स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सभी पुलिस कार्मिकों/जवानों को पंचसप्तति मेडल दिए जाने की घोषणा की जानकारी भी दी गई। जिससे पुलिस कार्मिकों में खुशी की लहर दौड़ गई। एसपी गुप्ता ने बताया कि वरिष्ठता के अनुसार पदोन्नतियां होने से सभी पुलिसकर्मियों को पदोन्नति का वरिष्ठता के अनुसार लाभ मिलेगा। इससे पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और कार्य क्षमता में वृद्धि होगी।
केकड़ी: पुलिस संपर्क सभा में मौजूद जिले के पुलिस जवान।

पुलिसकर्मियों का बढ़ेगा मान सम्मान इसी के साथ पदोन्नत्ति के सम्बंध में न्यायालय में होने वाले अनावश्यक वाद विवाद की स्थितियां उत्पन्न नहीं होगी तथा पारदर्शी पदोन्नतियां होने से विभाग के प्रति विश्वास में वृद्धि होगी। वरिष्ठता के अनुसार पदोन्नतियां होने पर पुलिसकर्मियों को 2 से 3 पदोन्नतियों के अवसर मिल सकेंगे। इससे पुलिस कार्मिकों का समाज में मान सम्मान एवं प्रतिष्ठा बढ़ेगी और वे अपने पद के अनुरूप अपनी कार्य दक्षता में और वृद्धि करने के लिए प्रेरित होगें। गुप्ता ने सभा के दौरान पुलिसकर्मियों को केकड़ी जिले में जनता से समन्वय स्थापित करने, जनता को तुरन्त राहत देने, आम जन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने, अपराध एवं आपराधियों पर प्रभावी नियन्त्रण करने, आम जन में सुरक्षा की भावना में वृद्धि करने के दिशा निर्देश दिए। सम्पर्क सभा में पुलिस उपाधीक्षक संजय सिंह चम्पावत, केकडी सदर व शहर, सरवाड, सराना, सावर के थानाधिकारी व पुलिस जवान मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES