Site icon Aditya News Network – Kekri News

बांध में डूबने से सगे भाई बहन की मौत, गांव में पसरा मातम

मासूम भाई बहन की फाइल फोटो

केकड़ी, 06 सितम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): समीपवर्ती जाल का खेडा गांव के समीप स्थित लसाड़िया बांध में नहाते समय सगे भाई बहन की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपनी मां के साथ नहाने गए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार जाल का खेड़ा निवासी मनोज धाकड़ की पत्नी शाम 4 बजे लसाडिया बांध में कपड़े धोने जाते समय 4 वर्षीय पुत्र अविनाश एवं 8 वर्षीय पुत्री वंशिका को भी अपने साथ ले गई। बांध के किनारे मां कपड़े धोने में व्यस्त हो गई और दोनों बच्चे नहाने लग गए। देखते ही देखते दोनों मासूम गहरे पानी में चले गए। मां ने दोनों बच्चों को डूबते देखा तो बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह नाकाम रही। बच्चों को बचाने के प्रयास में मां अचेेत होकर वहीं गिर गई।

तैरना नहीं जानती थी मां बताया जाता है की मां को तैरना नहीं आता था। शोर शराबा सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे हैं लोग वहां पहुंचे और दोनों बच्चों को बाहर निकाल कर केकड़ी के राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर केकड़ी सिटी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों बच्चों के शव मोर्चरी में रखवाए। घटना का पता चलते ही अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। दोनों मासूम की मौत का पता चलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किए जाएंगे।

Exit mobile version