Site icon Aditya News Network – Kekri News

भाजपा की जन आक्रोश रैली, केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से सैंकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे अजमेर

भाजपा नेता राजेन्द्र विनायका के नेतृत्व में अजमेर में आयोजित जन आक्रोश रैली में भाग लेते केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता।

केकड़ी, 7 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारतीय जनता पार्टी राजस्थान प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर भाजपा अजमेर देहात जिला द्वारा अजमेर जिला मुख्यालय पर आयोजित जन आक्रोश रैली में केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। केकड़ी के कार्यकर्ता सुबह नगर पालिका से अजमेर के लिए रवाना हुए। जिन्हें भाजपा नेता राजेन्द्र विनायका, प्रधान होनहार सिंह राठौड़, जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण चौधरी, जिला महामंत्री रायचन्द बागड़ी, जिला मंत्री रामकिशन गुर्जर, पूर्व प्रधान भूपेंद्र सिंह शक्तावत, पंचायत राज प्रकोष्ठ जिला संयोजक रोबिन सिंह, शहर मण्डल अध्यक्ष अनिल राठी, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी, महामंत्री रामबाबू सागरिया आदि ने भाजपा की झंडी दिखाकर रवाना किया। जोश खरोश से लबरेज कार्यकर्ताओं ने इस दौरान कांग्रेस सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। अजमेर में प्रदर्शन के दौरान केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता अपने-अपने मंडल का बैनर लिए हुए थे।

अजमेर में रैली को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश महामंत्री व राजसमंद सांसद दीया कुमारी, अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी, अजमेर देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री सरिता गेना, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, भाजपा नेता राजेंद्र विनायका, केकड़ी प्रधान होनहार सिंह राठौड़ सहित जिले के कई भाजपा पदाधिकारियों व वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने संबोधित किया। रैली को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने राजस्थान सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। संबोधन के बाद अजमेर जिला कलक्टर अंश दीप को राज्यपाल के नाम लिखा ज्ञापन सौंपा गया।

 

Exit mobile version