केकड़ी, 23 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ में बुधवार रात को भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम के वाहन को सांपला गेट के पास रोकने और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने के मामले को लेकर जोरदार हंगामा खड़ा हो गया। आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। भाजपा मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल खींची ने सरवाड़ थाना पुलिस को शिकायत देकर बताया कि केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम बुधवार रात करीब 9:00 बजे ग्राम सूपा में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे थे।
कार्यकर्ताओं ने किया थाने का घेराव सांपला गेट के पास से निकलते समय सरवाड़ पालिका के उपाध्यक्ष आरिफ नेब और उनके साथ मौजूद अन्य युवकों ने शत्रुघ्न गौतम के वाहन को रोककर उनके साथ अभद्रता की और उन्हें आगे जाने से रोका। इस पर गौतम अन्य मार्ग से चुनाव प्रचार के लिए रवाना हो गए। गौतम के वाहन को रोकने और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने की सूचना मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पुलिस थाने के बाहर जमा हो गए और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। सरवाड़ सहित आसपास के गांवों से भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के सरवाड़ पहुंचने पर एकबारगी कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई।
तीन थानों का जाब्ता रहा तैनात पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए केकड़ी शहर, केकड़ी सदर, सराना आदि थानों के पुलिस जाब्ते को मौके पर बुलाकर स्थिति को संभाला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक संजय सिंह चंपावत भी सरवाड़ पहुंच गए और आक्रोशित कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर शांत किया। सरवाड़ थानाधिकारी सुरेंद्र गोदारा ने बताया कि शिकायत में आरोपियों की धरपकड़ करने व उनके खिलाफ अविलंब कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम के वाहन को रोकने पर हंगामा, कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन
